- शाखा प्रबंधक पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए
जनवाणी संवाददाता |
बुढ़ाना: भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने भूमि विकास बैंक पर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने गरीब किसानों के साथ हो रहे अत्याचार के खिलाफ बैंक प्रबंधक पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। शाखा प्रबंधक द्वारा किसानों की समस्या का जल्द निवारण होने के आश्वासन पर धरना समाप्त हो गया।
तहसील क्षेत्र के दर्जनों भाकियू कार्यकर्ता तहसील अध्यक्ष अनुज बालियान व ब्लॉक अध्यक्ष विकास पंवार के नेतृत्व में मंगलवार को भूमि विकास बैंक में पहुंचे। भाकियू कार्यकतार्ओं ने बैंक कर्मचारियों व शाखा प्रबंधक पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। कार्यकतार्ओं ने बैंक के सामने जमकर हंगामा व प्रदर्शन किया तथा धरने पर बैठ गए।
धरना स्थल तहसील अध्यक्ष अनुज बालियान ने बताया कि बैंक में दलालों के माध्यम से ऋण जारी किया जाता है। आरोप है कि गांव के अनपढ़ व भोले-भाले किसानों से बैंक के कागजों पर अंगूठा लगवा लिया जाता है। किसान का एक लाख रुपए का ऋण स्वीकृत किया जाता है। जबकि उसे 80 हजार रुपए की स्वीकृति होना बताया जाता है।
किसान को मात्र 60 हजार रुपए दिए जाते है। ये पैसे भी सीधे किसान को नही दलाल के माध्यम से दिए जाते है। भूमि विकास बैंक में यह कार्य वर्षो से चला आ रहा है। भाकियू कार्यकतार्ओं ने बताया कि नगवा गांव के एक किसान का वर्ष 2003 में ऋण स्वीकृत हुआ था।
पैसे जमा करने के कुछ दिन बाद उसे भारमुक्त प्रमाण पत्र भी दे दिया गया। अब बैंक द्वारा उसे नोटिस जारी किया गया है। बैंक में ऐसे बहुत से मामले है। बैंक के शाखा प्रबंधक चन्द्रवीर सिंह ने बताया कि जब से उन्होने चार्ज संभाला है, अभी तक उन्होने कोई ऋण स्वीकृत नही किया। ये सब पुराने मामले है।
उन्होने कार्यकर्ताओं को आश्वासन देते हुए कहा कि जल्दी ही उनकी समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। शाखा प्रबंधक के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। इस मौके पर कृष्णदत्त त्यागी, अनिल सैनी, संजीव, अर्जुन, सतपाल, परमवीर, सत्यप्रकाश शर्मा, रमेश व विकास त्यागी आदि मौजूद रहे।

