- शामली के अमित कोरी, बनत के प्रदीप हुए थे शहीद
जनवाणी संवाददाता |
शामली: पुलवामा आतंकी हमले में शहीद शामली निवासी अमित कोरी और कस्बा बनत निवासी प्रदीप प्रजापति के तृतीय पुण्यतिथि पर शहीद अमित कोरी स्मारक पर हवन-यज्ञ का आयोजन कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
14 फरवरी 2019 को जम्मू कश्मीर के पुलवामा आतंकी हमले में देश के 42 जवान शहीद हो गए थे। इन जवानों में जनपद शामली के दो जवान शामिल थे। शहीदों की तृतीय पुण्यतिथि पर सोमवार को शहर के कुड़ाना रोड स्थित पुलवामा हमले के शहीद अमित कोरी प्रतिमा स्थल पर हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। मुख्य यज्ञमान शहीद के बड़े भाई प्रमोद कोरी रहे।
यज्ञ में शहर तथा आसपास क्षेत्रों से पहुंचे गणमान्य लोगों ने आहुति प्रदान की। इस दौरान शहीद अमित कोरी की प्रतिमा पर लोगों ने माल्यार्पण करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। जिसके बाद शहीद की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर की गई।
हवन-यज्ञ में शहीद अमित कोरी के पिता सोहन पाल कोरी, भाई अर्जुन कोरी, सुनील कोरी, अनिल कोरी, शहीद प्रदीप प्रजापति के पिता जगदीश प्रजापति, सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, शामली विस गठबंधन प्रत्याशी प्रसन्न चौधरी, सवित मलिक, पूर्व चेयरमैन अरविंद संगल, पूर्व सभासद सुरेंद्र आर्य, राजीव सभासद, बाबा महिपाल, जयपाल सिंह, सरदार सतनाम सिंह, एसके आर्य, डा. अनुराग शर्मा, डा. मनोज शर्मा, रजनीश कोरी, अजय पंवार आदि उपस्थित रहे।

