- फिर शुरू किया जायेगा सर्वे, जमीन से हटाए जाएंगे अवैध कब्जे
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कुटी चौराहे से लेकर चाणक्यपुरी, स्कीम 11 की ओर जाने वाले मार्ग का जल्द ही चौड़ीकरण किया जायेगा। यहां सड़क पर कब्जा करने वालों को जल्द से जल्द हटाकर कार्य शुरू किया जायेगा। इसके लिये एक बार फिर से आवास विकास के अधिकारी सर्वे कर कार्रवाई शुरू करेंगे। इसके लिये विभाग की ओर से टीम बनाकर कार्य किया जायेगा, जिससे लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
बता दें कि आवास विकास की ओर जागृति विहार स्कीम 11 के लिये एक मार्ग कुटी चौराहे से बनाया गया था। यहां योजना की ओर जाने के लिये डिवाइडर मार्ग है, लेकिन अभी तक इसका कार्य शुरू नहीं हो पाया है। यहां एक ओर से ही संकरा रास्ता योजना की ओर जाता है।
यही मार्ग चाणक्यपुरी, अंसल कालोनी समेत कई कालोनियों की ओर जाता है। आवास विकास ने जागृति विहार योजना का विस्तार करते समय यह मार्ग चौड़ा करने का कार्य भी शुरू किया था लेकिन अभी तक यहां मार्ग चौड़ा नहीं हो पाया है। कई बार इसे लेकर अधिकारियों ने यहां सर्वे भी किया, लेकिन कार्य शुरू नहीं हो सका। पिछले दो सालों से कोरोना के चलते यहां कार्य नहीं हो पाया। उधर, चाणक्यपुरी के बराबर से भी छोटा-सा मार्ग गुजर रहा है, लेकिन मार्ग को अभी तक चौड़ा नहीं कराया गया।
स्कीम 11 में बना है डिवाइडर मार्ग
आवास विकास की ओर से जागृति विहार एक्सटेंशन स्कीम 11 में डिवाइडर रोड बनाया गया है। यहां कई कई फीट चौड़ा मार्ग बनाया गया है। करीब 40 फीट चौड़े मार्ग का निर्माण यहां योजना में आवास विकास की ओर से किया गया है, लेकिन अभी तक आवास विकास की ओर से यह मार्ग चाणक्यपुरी के पास तक लाकर छोड़ दिया गया है। मार्ग यहां काफी चौड़ा है, लेकिन यह मार्ग आगे नहीं बढ़ पा रहा है। एक ओर कुटी चौराहे से मार्ग का चौड़ीकरण होना है। जिसे लेकर अभी कार्य शुरू होना बाकी है।
शुरू होगा सर्वे, हटेगा अतिक्रमण
अधिकारियों की मानें तो आवास विकास की ओर से यहां जल्द ही कार्य शुरू किया जायेगा। कोरोना के कारण यहां कार्य कुछ समय के लिये रुका हुआ था। अब यहां फिर से टीम बनाकर कार्य किया जायेगा। इसके लिये यहां सर्वे भी किया जायेगा। आवास विकास परिषद ने यहां अतिक्रमण कारियों को हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। सड़क के एक ओर से अतिक्रमण हटाकर सड़क को चौड़ा किया जायेगा।

