जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव में बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और 500 से अधिक झुग्गियां जलकर पूरी तरह राख हो गईं। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने के तुरंत बाद झुग्गियों में रखे रसोई गैस सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे। लगातार हो रहे धमाकों से क्षेत्र में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।
आग पर काबू पाने के लिए दर्जनों दमकल गाड़ियों को लगाया गया है। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचते ही आग बुझाने का काम शुरू कर दिया, लेकिन आग बड़े क्षेत्र में फैलने के कारण इसे नियंत्रित करने में काफी समय लग रहा है। बताया जा रहा है कि राहत और बचाव कार्य कई घंटों तक जारी रह सकता है।
पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने युद्धस्तर पर अभियान चलाते हुए लगातार पानी की बौछारें कर आग पर काबू पाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने भी अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।
इस भीषण अग्निकांड में सैकड़ों परिवार बेघर हो गए हैं। उनका सारा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे उनके सामने खाने-पीने और रहने का संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

