- संघर्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी हुआ था पथराव
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: पांच दिन पूर्व चुनावी रंजिश में हुए विवाद के बाद खूनी संघर्ष में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
कांधला क्षेत्र के गांव गंगेरू में पांच दिन पूर्व महबूब कुरैशी की अपने पड़ोस के ही इजहार से ग्राम पंचायत चुनाव में हार जीत को लेकर बहस हो रही थी। शोर-शराबा होने पर दोनों पक्षों के लोग मौके पर आ गए थे। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट पथराव हुआ था। आरोप है कि सूचना पर पहुंची पुलिस पार्टी पर भी पथराव किया गया था।
पुलिस ने किसी तरह से भाग कर अपनी जान बचाई थी। पथराव में गंगेरू पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही निर्वेश कुमार घायल हो गए थे। पुलिस ने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी थी। पुलिस पर पथराव की सूचना पर सीओ कैराना जितेंद्र कुमार और थाना प्रभारी निरीक्षक रोजंत त्यागी भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे थे तथा पुलिस ने अपनी और से एक पक्ष के निसार, महबूब, आस मोहम्मद, आरिफ, कय्यूम, युनूस व दूसरे पक्ष के इजहार पुत्र इसरार, नसीम, रजा, गुड्डू और इजहार पुत्र आस मोहम्मद के खिलाफ बलवा सहित पुलिस पार्टी पर हमला करना और सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने मौके से निसार, महबूब, आस मोहम्मद, आरिफ, कय्यूम, युनूस व दूसरे पक्ष के इजहार पुत्र ओन मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया था। मामले में पुलिस ने बुधवार को घटना में नामजद आरोपी इजहार पुत्र इकरार, रजा पुत्र इजहार, गुड्डू पुत्र इजहार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
भीड को उकसाकर जाम लगाने का आरोप पकड़ा
थाना क्षेत्र के गांव सुन्ना में इसी वर्ष 13 फरवरी को स्कूल बस चालक की गलती से एक बालक की गाडी की चपेट में आने के कारण दर्दनाक मौत हो गई थी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर चालक को हिरासत में ले लिया था। वहीं मामले को लेकर अनुज जावला पुत्र जयकुमार निवासी डांगरौड ने अपने साथ नाविद पुत्र मेहंदी हसन, सुरेश पुत्र किरना व सुबोध आदि के साथ मिलकर लोगों को भडका कर शव को कांधला बुढाना मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया था।
पुलिस के बार बार आग्रह करने के बाद भी उक्त लोगों ने जाम नही खुलने दिया था। उक्त मामले में पुलिस ने उक्त चारों लोगों को नामजद करते हुए पब्लिक को भडकाकर जाम लगाने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने का अभियोग पंजीकृत किया था।
मामले में पुलिस पहले ही अनुज जावला को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वही मामले में पुलिस ने कार्यवाही करते हुए कांधला बुढाना मार्ग से नाविद पुत्र मेहंदी हसन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वही पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

