जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: देवबंद तहसील क्षेत्र में सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण के मामलों में प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। तहसील प्रशासन ने अवैध मदरसों, मस्जिदों और मजारों से जुड़े कुल 11 मामलों में कार्रवाई शुरू करते हुए संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 13 जुलाई तक जवाब न मिलने पर नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।तहसीलदार देवबंद के अनुसार, उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और दुरुपयोग से जुड़े छह वाद दर्ज किए गए हैं।
इसके अलावा सार्वजनिक परिसर (पीपी) एक्ट के तहत तीन मामले एसडीएम न्यायालय में, एक मामला अपर जिलाधिकारी न्यायालय में तथा एक मामला तहसीलदार न्यायालय में विचाराधीन है। इस प्रकार कुल 11 मामलों में नोटिस जारी किए गए हैं।धारा 67 के तहत जिन मामलों में नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें ग्राम सोहनचिड़ा स्थित अक्सा मस्जिद के मुतवल्ली एहसान पुत्र यामीन, ग्राम पंडौली स्थित मदीना मस्जिद के प्रबंधक रिजवान पुत्र इस्लाम, ग्राम छलौली स्थित मदरसा दारुस्सलाम के प्रबंधक तौसीफ पुत्र हसमत, ग्राम अंबेहटा शेखा स्थित मदरसे के मुतवल्ली मुर्तजा पुत्र जरीफ, ग्राम पहाड़पुर स्थित मस्जिद के मुतवल्ली हाफिज गुलबहार पुत्र यूनुस तथा ग्राम अंबेहटा शेखा स्थित मस्जिद के मुतवल्ली मोहत्सीम पुत्र निसार शामिल हैं।
तहसीलदार ने बताया कि सभी संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर 13 जुलाई तक अपना पक्ष प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है। निर्धारित समय तक जवाब नहीं मिलने पर प्रकरणों में एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।

