जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को लखनऊ में बातचीत के दौरान योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्षी नेताओं को बदनाम करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से वीडियो बनाकर प्रसारित कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा, “सरकार हमें बदनाम करने के लिए बच्चों के खेल न खेले। AI में हम उनसे काफी आगे हैं।” इस दौरान सपा की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जुड़ा एक AI वीडियो भी दिखाया गया। वीडियो के जरिए प्रदेश की कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश की गई।
भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने प्रदेश में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और लूट का आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में स्कूलों को बंद कराया जा रहा है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर पार्टी बंद किए गए करीब 26 हजार स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इन सभी स्कूलों को दोबारा खोला जाएगा।
एक्सप्रेसवे और PWD को लेकर सवाल
अखिलेश यादव ने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे की स्थिति को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे बनने के बाद उसमें गड्ढे हो गए हैं और अब निर्माण के डिजाइन में गड़बड़ी की बात कही जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि अगर डिजाइन में गलती थी तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन किए गए एक एक्सप्रेसवे की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वह भी खराब हो गया है और उसमें गड्ढे हो गए हैं।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। प्रयागराज में कुंभ के आयोजन से लेकर अब तक एक लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का दावा करते हुए उन्होंने सवाल किया कि इसके बावजूद प्रदेश में कितना विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है।
जयंत चौधरी को लेकर भी दिया बयान
अखिलेश यादव ने कैबिनेट मंत्री जयंत चौधरी को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भाजपा अगर जयंत चौधरी को 61 सीटें देती है, तभी उनका सम्मान माना जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे कम सीटें मिलने पर इसे जयंत चौधरी का अपमान माना जाएगा।

