- उत्तराखंड स्टेट चैंपियनशिप में लिखी कामयाबी की इबारत
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: देहरादून में आयोजित 20वीं उत्तराखंड राज्य निशानेबाजी प्रतियोगिता में फलावदा के मोहम्मद आसिफ ने 50 मीटर राइफल प्रॉन में लक्ष्य के मुताबिक स्कोर बनाकर सफलता की इबारत लिख दी।कस्बे के दो निशानेबाज स्टेट क्वालीफाई कर नेशनल चैम्पियनशिप साधने की तैयारी में लग गए है।

देहरादून के जसपाल राणा निशानेबाजी संस्थान में गत 15 मई से शुरू हुई 20वी उत्तराखंड राज्य निशानेबाजी प्रतियोगिता में शामिल हुए तमाम प्रतिभागियों के साथ फलावदा के मोहम्मद आसिफ सैफी व अमीर हसन में उत्साह के साथ भाग लिया। उन्होंने निशानेबाजी में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा कर सफलता की इबारत लिख डाली। फलावदा के मोहम्मद आसिफ ने 600 में 545 अंक का स्कोर बनाकर कंपटीशन क्वालीफाई कर लिया।

वहीं कस्बे के अमीर हसन उर्फ पपलू ने भी अपने वर्ग में 600 में 543 अंक का स्कोर बनाया।दोनो निशानेबाजों का नाम चैंपियनशिप क्वालीफाई करने वालों की सूची में दर्ज हो गया है। पदम श्री से सम्मानित भारत के प्रमुख निशानेबाज जसपाल राणा ने मोहम्मद आसिफ को बधाई दी है।आसिफ ने बताया कि उसने उत्तराखंड स्टेट चैंपियनशिप क्वालीफाई करके नेशनल चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के जरिए इलाके का नाम रोशन करने को लक्ष्य बनाया है।

