जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पुरुषों के 10000 मीटर रेस में भारत के कार्तिक और गुलवीर ने इतिहास रच दिया है। कार्तिक ने 28:15.38 की टाइमिंग के साथ रजत पदक और गुलवीर ने 28:17.21 की टाइमिंग के साथ कांस्य पदक जीता। एथलेटिक्स यानी ट्रैक एंड फील्ड में हांगझोऊ एशियाई खेलों में भारत ने तीन पदक जीत लिए हैं। इससे पहले शुक्रवार को किरण बालियान ने शॉटपुट में कांस्य पदक जीता था। इन दो पदकों के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 38 हो गई है।
भारत के पास कितने पदक
स्वर्णः 10
रजतः 14
कांस्यः 14
कुलः 38
बैडमिंटन में एक और पदक पक्का
भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम फाइनल में पहुंच गई है। उसने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 3-2 से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने कम से कम रजत पक्का कर लिया है।
टेबल टेनिस में ऐतिहासिक जीत
टेबल टेनिस में भारत की सुतीर्था और अहकिया ने शानदार प्रदर्शन किया है। भारतीय जोड़ी ने दुनिया की नंबर दो जोड़ी मेंग और यिडी को 11-5, 11-5, 5-11, 11-9 से हराया। इसके साथ ही भारतीय जोड़ी का पदक भी पक्का हो चुका है।
भारत ने स्क्वैश में स्वर्ण जीता
स्क्वैश में भारतीय पुरुष टीम ने पाकिस्तान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 2014 के बाद भारतीय टीम ने पहली बार एशियाई खेलों में यह पदक जीता है। भारत के लिए 25 साल के अभय सिंह ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया और तनाव भरे हालात में शानदार प्रदर्शन कर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। एशियाई खेलों में इस खेल में यह भारतीय टीम का सिर्फ दूसरा स्वर्ण पदक है। इससे पहले 2014 में भारत ने मलयेशिया को हराकर स्वर्ण जीता था।
फाइनल के तीसरे मैच में अभय सिंह ने पाकिस्तान के जमान नूर को 11-7, 9-11, 7-11, 11-9, 12-10 से हराकर भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले सौरव घोषाल ने मैच में मुहम्मद आसिम खान को हराया था, जबकि महेश मनगांवकर को नासिर इकबाल के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

