जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ और केसर स्वीट्स और बॉक्सी पार्क के पक्ष में आ गया है। व्यापारियों का आरोप है कि जब निर्माण होता है तब तो अधिकारी आंखे बंद कर लेते हैं और अपना लाभ देखते हैं। ऐसे में व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं होने दिया जायेगा। सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ ने सीलिंग की कार्रवाई को गलत बताते हुए उसका नक्शा पास करने की मांग की है। अभी हाल ही में एमडीए की ओर से शास्त्रीनगर स्थित केसर स्वीट्स और बॉक्सी पार्क पर सीलिंग की कार्रवाई की थी। व्यापारियों ने इसे गलत बताया है।
सेंट्रल मार्किट व्यापार संघ अध्यक्ष किशोर वाधवा ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। आवास विकास की लापरवाही के चलते निर्माण बनकर तैयार हो जाते हैं। अगर आवास विकास शुरू में ही सख्ती रखे तो इस प्रकार के कार्य न हो। उन्होंने कहा कि आज व्यापारी ने लाखों रुपये खर्च कर अपना व्यापार शुरू किया और इस प्रकार से उस पर सीलिंग की कार्रवाई किया जाना ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि इसके लेकर आज आवास विकास अधिकारियों से मिला जायेगा और इन व्यापारियों से शुल्क लेकर इसे अधिकृत निर्माण की स्वीकृति के लिये कहा जायेगा। इसमें नक्शा आदि पास कराने के लिये आवास विकास से कहा जायेगा। आवास विकास को व्यापारियों के विषय में सोचना होगा। उन्होंने कहा कि मंगलवार से एमडीए की ओर से अन्य निर्माणों पर भी सीलिंग की कार्रवाई की जानी है।
व्यापारी उसका भी विरोध करेंगे और नियमों के आधार पर जो भी स्वीकृति के लिये कागजात हैं वह तैयार करने की मांग की जायेगी। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण पहले से ही व्यापारियों का नुकसान हो रहा है ऐसे में व्यापारियों पर इस प्रकार की कार्रवाई उचित नहीं है।
डीलिसीयस बेकरी पर आज तक नहीं हुई कार्रवाई
शास्त्रीनगर क्षेत्र में आवास विकास की ओर से हजारों की संख्या में ऐसे निर्माण हैं। जिन आवासीय का कमर्शियल में यूज हो रहा है, लेकिन आवास विकास यहां नोटिस देने के बाद भी आंखे मूंदे बैठा है। आवास विकास की ओर से शास्त्रीनगर स्थित डीलिसियस बेकर्स को कई बार नोटिस दिया जा चुका है, लेकिन आज तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उसकी दुकान पर आवास विकास का नोटिस चस्पा तक हुआ है। इसी तरह क्षेत्र में हिंद नर्सिंग होम बिना नक्शे के बन गया इसकी ओर किसी का भी ध्यान नहीं गया।

