जनवाणी संवाददाता |
देवबंद: धार्मिक नगरी देवबंद पहुंचे केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारी एवं मंडल महामंत्रियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास की राजनीति कर देश को मजबूत कर रही है। कहा कि देवबंद में भाजपा की जड़ें बहुत मजबूत हैं। निकाय चुनाव पर रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि यहां कार्यकर्ताओं के जोश को देखकर महसूस हुआ है कि इस बार देवबंद में भाजपा का ही चेयरमैन बनेगा। देवबन्द रेलवे स्टेशन का नाम मां बाला सुंदरी देवी के नाम पर रखे जाने के सवाल पर केंद्रीय रेल मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार से इसकी लेकर चर्चा करनी पड़ेगी। कहा कि सबसे महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन का डिजाइन है। इसका डिजाइन वर्ल्ड क्लास कैसे हो और इसे अपनी संस्कृति से इसे कैसे जोड़ा जाए, इस काम को लेकर आगे बढ़ा जाएगा।
लोकसभा प्रवास बैठक के बाद रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव लोक निर्माण विभाग राज्यमंत्री बृजेश सिंह के साथ उनके पैतृक गांव जड़ौदाजट पहुंचे। यहां वह कुछ समय विश्राम करने के उपरांत रामपुर मनिहारान के लिए रवाना होंगे। इसके बाद में सहारनपुर पहुंचेंगे।

