जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: दरअसल भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारियों और मोर्चों के अध्यक्षों की बैठकें पार्टी के राज्य मुख्यालय पर सम्पन्न हुई। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष की उपस्थिति में हुईं बैठकों में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह सहित राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, राष्ट्रीय मंत्री विनोद सोनकर, सह प्रभारी सत्याकुमार, संजीव चौरसिया भी मौजूद रहे।
सोमवार सुबह अपने दो दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर राजधानी लखनऊ पहुंचे राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों-क्षेत्रीय अध्यक्षों और जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारियों की बैठकों में संगठन विस्तार पर बल देते हुए कहा कि सशक्त मंडल-सशक्त बूथ को अपने कार्य का आधार बनाकर पार्टी के विस्तार का कार्य निरन्तर करते रहना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में होने वाले विधान परिषद के चुनाव और नगर निकायों के चुनावों में पार्टी की विजय सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ कार्य करना है।
उन्होंने कहा कि हमारा दल सर्वव्यापी-सर्वस्पर्शी-सर्वसमावेशी-सर्वग्राही है। केन्द्र व राज्य में हमारी सरकार है। भाजपा सरकार अपने संकल्प पत्र में किये गए संकल्पों को पूर्ण करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं व निर्णयों के द्वारा जन-जन की आर्थिक व सामाजिक उन्नति के लिए कार्य कर रही है। ऐसे में हम सब का दायित्व बनता है कि भाजपा सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार हो और योजनाओं का लाभ समाज के हर जरूरतमंद तबके और पात्रों तक पहुंचे।
इसके पूर्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प की पूर्णतः में प्रत्येक कार्यकर्ता को जुटना है और वैभवशाली राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करना है। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता विचारधारा के लिए कार्य करता है और उस विचारधारा के मूल में वैभवशाली राष्ट्र निर्माण है। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने बैठक में विगत दिनों पार्टी द्वारा चलाए गए अभियानों व कार्यक्रमों के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी देते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में सक्रिय बूथ समिति की संरचना को हमें योजनापूर्वक और सुदृढ़ करने का कार्य करना है।

