- पहले दिन विभिन्न पदों पर 19 नामांकन पत्रों की बिक्री
जनवाणी संवाददाता |
शामली: एल्डर कमेटी ने गत 28 दिसंबर को जिला बार एसोसिएशन के चुनाव का कार्यक्रम जारी किया था। कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को पहले दिन विभिन्न पदों के लिए 19 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। एल्डर कमेटी के सदस्य रतन सिंह एडवोकेट, मुकेश कुमार गर्ग एडवोकेट व संजय कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए 3, महासचिव पद के लिए 2, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए 2, उपाध्यक्ष 10 वर्ष से अधिक के अनुभव वाले 4 तथा उपाध्यक्ष 10 वर्ष से कम अनुभव वाले 4 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इसी तरह कार्यकारिणी सदस्य वरिष्ठ के 6 पदों के लिए 2 तथा कार्यकारिणी सदस्य कनिष्ठ के 6 पदों के लिए 2 नामांकन पत्र बिके हैं।
नामांकन पत्रों की बिक्री का शनिवार को अंतिम दिन है। उसके बाद आगामी 2-3 जनवरी को नामांकन पत्र पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक जिला बार भवन चुनाव कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे। मतदान आगामी 7 जनवरी को प्रात: 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संपन्न होगा। एल्डर कमेटी द्वारा चुनाव प्रक्रिया के दौरान कलक्ट्रेट परिसर में किसी भी अधिवक्ता के मादक पदार्थों के सेवन पर पूर्णतया प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही, मतदान के दिन मतपत्र पर किसी तरह की पहचान यथा हस्ताक्षर, चिह्न, नाम तथा निशानी लगान पर मत को निरस्त कर दिया जाएगा।

