- छपरौली विधायक सहेन्द्र सिंह ने ब्लाक परिसर में किसानों की सुविधा के बुलाए कृषि विभाग के अधिकारी
जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: क्षेत्र के काफी संख्या में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि मिलने से वंचित किसानों की सुविधा के लिए विधायक सहेन्द्र सिंह रमाला ने छपरौली ब्लाक परिसर में एक शिविर का आयोजन कराया।
इस शिविर में कृषि विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने किसानों की निधि पाने की सूची की जांच की। परेशान किसानों की विभिन्न त्रुटियों के कारण सम्मान निधि नहीं पहुंच रही थी। इन त्रुटियों को मौके पर ठीक किया गया।
बुधवार को छपरौली ब्लाक परिसर में किसान सम्मान निधि के शिविर में काफी संख्या परेशान किसान पहुंचे। शिविर में सहायक विकास अधिकारी कृषि महेश कुमार खोखर की अगुआई में निधि की सूची देखते हुए किसानों को इस संबंध में अवगत कराया। किसानों ने अपनी किसान सम्मान निधि का स्टेट्स देखा।
कुछ किसानों के बैंक में किस्त आई हुई थी। लेकिन पासबुक में एंट्री नहीं थी। जिससे किसान सम्मान निधि नहीं आने की बात कर रहे थे। अधिकांश किसानों का डाटा एनपीसीआई में आधार लिंक न होने के कारण पेंडिंग था। सभी किसानों को आश्वासन दिया कि जो कमियां पाई गई उनका समाधान किया जाएगा।
शिविर में गणमान्य लोग मौजूद रहे। विधायक सहेन्द्र सिंह ने बताया कि यह शिविर उन्होंने किसानों के हित में लगाया है। इससे पूर्व रमाला में शिविर आयोजित किया गया था। अब अगला शिविर ब्लाक के गांवों के किसानों के लिए लगाया जाएगा। बिनौली ब्लाक के किसान इस शिविर में अपनी समस्या रख सकते हैं।

