जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: झारखंड के कांग्रेस विधायकों की गाड़ी से भारी मात्रा में कैश मिलने की खबर है। पुलिस ने यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल के हावड़ा में की गई है। बताया जा रहा है कि तीन विधायकों की गाड़ी से यह कैश बरामद हुआ है। पुलिस ने इनपुट के बाद चेकिंग के लिए गाड़ी रोकी थी। बताया जा रहा है कि कैश की गिनती के लिए काउंटिंग मशीन मंगाई
गई है।
एसपी स्वाति भंगालिया ने बताया कि हमने झारखंड कांग्रेस के 3 विधायकों को भारी मात्रा में नकदी के साथ पकड़ा है। काउंटिंग मशीन आने के बाद ही हम इसकी गिनती कर पाएंगे। विधायकों की पहचान जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी, खिजरी के विधायक राजेश कच्छप और कोलेबिरा के विधायक नमन बिक्सल के रूप में हुई है।
मामले में भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। पार्टी के राज्य महासचिव आदित्य साहू ने कहा कि जब से कांग्रेस सत्ता में आई है, भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। इससे पहले भी झारखंड में अधिकारियों के घरों में बड़ी मात्रा में नकदी पकड़ी गई थी। वे जनता की गाढ़ी कमाई का इस्तेमाल दूसरे कामों में करते हैं। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और यह सामने आ गया है।

