- अभी तक विभाग की ओर से कई इलाकों की सूची नहीं कराई उपलब्ध
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सर्किल रेट में 20 से 30 प्रतिशत की औसत वृद्धि के प्रस्ताव के बीच घंटाघर और आसपास के इलाकों में व्यवसायिक भूमि की दरें 65 हजार से बढ़ाकर 84 हजार हो सकती है। हालांकि अभी तक विभाग की ओर से कई महत्वपूर्ण इलाकों की सूची उपलब्ध नहीं कराई गई है। जिनमें बेगमपुल और आबू लेन आदि के क्षेत्र शामिल हैं।
करीब छह साल के अंतराल के बाद मेरठ जनपद में सर्किल रेट बढ़ाए जाने की प्रक्रिया इन दिनों चल रही है। जिसमें मेरठ के चार और सरधना, मवाना के एक-एक सब रजिस्ट्रार कार्यालयों से दरों में संशोधन की प्रस्तावित सूची जिलाधिकारी कार्यालय में अनुमोदन के लिए भेजी गई है।
इस सूची को आम जनता के लिए उपलब्ध कराते हुए डीएम स्तर से आठ अगस्त तक आपत्तियां मांगी गई हैं। इतना तो लगभग तय माना जा रहा है कि इस बार सर्किल रेट में वृद्धि होगी, देखना यह है कि प्रस्तावित 20 से 30 प्रतिशत की वृद्धि को लेकर मिलने वाली आपत्ति के बाद डीएम स्तर से क्या राहत मिल पाती है। फिलहाल जारी की गई सूची की समीक्षा का सिलसिला जारी है।

अभी तक जो बिंदू सामने आए हैं, उनके अनुसार प्रमुख स्थानों में दालमंडी क्षेत्र में 32 हजार से 40 हजार, नवल विहार टीपीनगर में 20 से 25 हजार, पुर्वा कम्बोई गेट में 25500 से 31500, पूर्वा महावीर बागशाह रड़का में 24500 से 30500, शम्भुनगर मेवला में 42 हजार से 52500, श्रीराम पैलेस दिल्ली रोड में 27500 से 34 हजार, सब्जी मंडी शहर कोटला में 29500 से 36500 किए जाने का प्रस्ताव दिया गया है।
कॉम्प्लेक्स की बात की जाए तो मेरठ मॉल में 65500 से 82 हजार, अमरश्री में 57500 से 75 हजार, बागपत रोड से ओवरब्रिज क्षेत्र की देवपुरी, कमलानगर, शंभुनगर की दरें 55 हजार से 71 हजार किए जाने का प्रस्ताव है। मुल्तानगर और मलियाना की ओर 40 से 52 हजार, मेन रोहटा रोड फाटक से गॉडविन पब्लिक स्कूल तक 30 से 39 हजार, इससे आगे दिल्ली बाइपास तक 25 हजार से 32 हजार करने का प्रस्ताव दिया गया है।
बच्चा पार्क से फिल्मिस्तान तक 50 से बढ़ाकर 65 हजार, इससे आगे खैरनगर, छतरी वाला पीर, जली कोठी,घंटाघर, केसरगंज, गुरुद्वारा, कबाड़ीबाजार, लाला का बाजार, अनाज मंडी आदि में 65 हजार से 84 हजार सर्किल रेट करने का प्रस्ताव डीएम को भेजा गया है। इस दौरान बेगमपुल, आबू लेन, ईदगाह रोड, आशियाना, एकता कालोनी, किदवईनगर, लिसाड़ी, जैदी फार्म, जैदी सोसायटी, तान्या गार्डन, तारापुरी, थापर नगर, देहली रोड, समर गार्डन, सोतीगंज आदि क्षेत्रों की सूची अभी तक अप्राप्त है।

