- धरने पर बैठे किसानों को पुलिस ने जबरन उठाया
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सीएम योगी आदित्यनाथ का विरोध करने के लिए भाकियू नेता व कार्यकर्ता कमिश्नर आॅफिस के मुख्य गेट से थोड़ी दूरी पर धरना देकर बैठ गए, तभी सीएम का कमिश्नरी पर आगमन होने वाला था। किसानों के धरने पर बैठने के बाद पुलिस व प्रशासनिक अफसरों के हाथ-पैर फूल गए।
वायरलेस पर मैसेज फ्लैश हुआ कि भाकियू नेता धरना देकर बैठ गए तथा सीएम का विरोध कर रहे हैं। इसके बाद आला अफसरों के आदेश पर भाकियू नेताओं को गिरफ्तार कर थाने ले जाने के निर्देश दिये। इसके बाद तो भाकियू नेताओं व पुलिस के बीच खूब खींचतान हो गई।
आसानी से भाकियू नेता भी उठने को तैयार नहीं थे, जिसके चलते पुलिस को पसीने छूट गए। सीएम की गाड़ियों का काफिला आने से चंद मिनट पहले ही पुलिस जबरिया भाकियू जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी समेत दर्जन भर नेताओं को उठाकर सिविल लाइन थाने ले गई।
जब तक सीएम शहर में रहे, तब तक भाकियू नेताओं को सिविल लाइन थाने के लॉकअप में बंद रखा गया। पुलिस भी भाकियू नेताओं के धरने पर बैठने से घबरा गई थी। हालांकि सीएम के जाने के बाद भाकियू नेताओं को थाने से रिहा कर दिया गया।

