जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। तेज सर्द हवाओं के चलते लोग ठंड से कांपने को मजबूर हैं। दिनभर धूप न निकलने से तापमान में और गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल ठंड से राहत के आसार कम दिखाई दे रहे हैं। आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है। सुबह और रात के समय गलन बढ़ने से सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, बच्चों और दिहाड़ी मजदूरों को उठानी पड़ रही है।
इधर, ठंड के साथ-साथ प्रदूषण का स्तर भी बढ़ता जा रहा है। हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंचने से सांस के रोगियों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। विशेषज्ञों ने लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने और गर्म कपड़ों के साथ मास्क का प्रयोग करने की सलाह दी है। ठंड और प्रदूषण के दोहरे प्रहार से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं, जबकि जनजीवन पर इसका सीधा असर साफ नजर आ रहा है।

