जनवाणी ब्यूरो |
देहरादून: सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत मामले में गुरुवार को कांग्रेस ने सीएम से इस्तीफे की मांग को लेकर राजभवन कूच किया। इस दौरान पूर्व सीएम हरीश रावत समेत कई कांग्रेसियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
कांग्रेस ने तय किया था कि विधानमंडल दल के साथ राज्यपाल से मिला जाएगा और मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की जाएगी। इसके लिए बाकायदा राजभवन से समय भी मांगा गया। लेकिन राजभवन से बुधवार देर शाम तक समय न मिलने के कारण कांग्रेस ने राजभवन कूच का ऐलान कर दिया।
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव, नेता प्रतिपक्ष डा. इन्दिरा हृदयेश, सहप्रभारी राजेश धर्माणी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राजभवन कूच के लिए निकले।
कार्यकर्ता प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राजभवन की ओर जा रहे थे कि पुलिस ने उन्हें हाथीबड़कला चौक पर रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ नोक झोंक भी हो गई है।
काफी देर तक गहमा गहमी के बाद कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।पुलिस ने कोरोना काल के दौरान भीड़ एकत्रित करने और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का उल्लंघन करने को लेकर कई कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया और पुलिस लाइन ले गए।

