- समिति कर्मचारियों की मनमानी और लापरवाही को लेकर किसानों में आक्रोश
जनवाणी संवाददाता |
रोहटा: सहकारी गन्ना विकास समिति मलियाना में संशोधन के नाम पर किसानों के साथ जमकर खेल किया जा रहा है। सर्वे से लेकर सट्टा मेले में किसानों से संशोधन के नाम पर बार बार आवेदन लिये गए। लेकिन, नए पेराई सत्र के लिये मलियाना गन्ना समिति ने इंडेंट जारी कर दिया है। लेकिन अभी तक किसानों के बांड में कोई संशोधन नहीं हुआ है।
समस्याओं को लेकर गुरूवार को परेशान किसानों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान किसानों ने समिति के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए समिति कर्मचारियों की लापरवाही के विरोध में किसानों ने नारेबाजी करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।
गौरतलब है कि सहकारी गन्ना विकास समिति मलियाना में पिछले कई माह से किसान रकबे, बेसिक कोटा, उपज बढ़ोतरी में संशोधन को लेकर चक्कर काट रहे हैं। जबकि गन्ना विभाग ने सर्वे से लेकर सुपरवाइजर द्वारा गांव गांव भौतिक सत्यापन किया। जिसके बाद समिति प्रांगण में किसान मेले में त्रुटि को लेकर संशोधन कराने की सुविधा दी।

इन सब के बावजूद किसानों की समस्या का समाधान नहीं हो सका। गन्ना विभाग की लगातार लापरवाही के चलते किसानों ने मलियाना समिति में जमकर हंगामा करते हुए नारेबाजी की। किसानों के विरोध और समस्या की जानकारी मिलने पर परिषद चेयरमैन चौधरी बिजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे।
उन्होंने किसानों की समस्याओं पर गन्ना विभाग की लापरवाही पर विरोध जाहिर किया। इस दौरान ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अमित कुमार, समिति सचिव श्रीपाल सिंह ने सभी पर्यवेक्षक को तीन दिन में समस्त संशोधन नही होने पर वेतन कटौती व निलम्बन की कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या को जल्द निस्तारित किया जाएगा। उधर, किसानों ने भी समिति के कर्मचारियों को चेताया कि यदि समय पर समस्या का हल नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।

