- हिमाचल को सस्ते में समेटा, अंडर-19 कूच बिहार ट्राफी का भामाशाह पार्क के मैदान में खेला जा रहा मैच
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: चार दिवसीय अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी के मैच में यूपी और हिमाचल की टीम भिड़ीं। शहर के भामाशाह पार्क के मैदान में शुक्रवार को खेले गए कूच बिहार ट्राफी के मैच में यूपी के बालरों ने मुकाबले को आयी हिमाचल की टीम को शुरुआती झटके देते हुए सस्ते में समेटने दिया। लंच से पहले पांच विकेट गिर गए और लंच के बाद बाकी के पांच विकेट गिर गए। टी ब्रेक होने से पहले ही मात्र 136 रन पर हिमाचल की पूरी टीम पवेलियन में पहुंचा दी गयी।
बॉलरों ने साबित कर दिया कि यूपी वालों में है दम। हिमाचल की टीम के कप्तान प्रणाव का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला पूरी टीम पर भारी पड़ा। यूपी के बालरों ने महज 19 ओवरों में केवल 64 रनों पर पांच खिलाड़ियों को पवेलियन भेज दिया। इनमें हिमाचल की टीम के ओपनर अर्णव 14 व अर्जुन महज एक रन बनाकर अपना विकेट गवां बैठे। इनके बाद जो खिलाड़ी आए वो भी शुरूआती दौर से लड़खड़ाती टीम को संभाल ना सके,
इसका नतीजा यह हुआ कि उज्जवल 12, अर्पित शून्य पर आउट हो गए। एक अन्य खिलाड़ी दक्ष भी यूपी के बालरों के सामने अपनी दक्षता साबित नहीं कर सके। वहीं यूपी की ओर से हितेश ने एक, आयुष्मान ने दो व आदित्य ने एक विकेट चटकाया। लंच तक हिमाचल की टीम पूरी तरह से पस्त नजर आयी क्योंकि महज 22 ओवरों में 64 रन पर उसके पांच खिलाड़ियों को पवेलियन लौटा दिया गया था।

लंच बाद जो भी बल्लेबाज खेलने आए वो कुछ साबित नहीं कर सके। हिमाचल की टीम के आल आउट होने के साथ ही यूपी की टीम की पारी की शुरुआत मानव व काव्या तेवतिया ने की। दोनों ही बल्लेबाजों ने हिमाचल के बालरों की जमकर खबर ली। मैच खत्म होने तक दोनों बल्लेबाज के बीच 153 रन की साझेदारी हो चुकी थी। मानव ने 75 और काव्या तेवतिया ने 70 रन बना लिए हैं। एक्सपर्ट व मैच के स्कोरार प्रणव दास ने बताया कि आज का मैच खत्म होने के साथ ही यूपी के हिस्से में तीन अंक आ गए हैं। यदि यूपी के खिलाड़ी शनिवार को पूरे दिन खेलते हैं
और रविवार की सुबह एक घंटा खेलकर करीब पांच सौ रन बना लेते हैं। साथ ही हिमाचल की पूरी टीम को रविवार को पवेलियन लौटा देते हैं तो उनका तीन और अंक मिलेंगे। साथ ही बोनस के तौर पर भी एक अंक भी मिल सकता है, लेकिन उसके लिए जरूरी है कि जो लक्ष्य यूपी की टीम देगी, उसको पूरा करने से पहले ही हिमाचल की टीम को आॅल आउट कर दिया जाए।
सबसे जरूरी है कि यूपी की टीम शनिवार को पूरे दिन पिच पर जमकर हाथ दिखाए और रविवार की सुबह भी एक घंटे खेलकर कम से कम 500 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा करे। वहीं, दूसरी ओर आयोजन सचिव सुभाष शर्मा ने टूर्नामेंट से संबंधित तैयारियों की जानकारी संवाददाता को दी।

