- 8839 लोगों की टेस्टिंग में 1480 पॉजिटिव निकले
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अप्रैल महीने में पहली बार संक्रमितों का आंकड़ा एक हजार से कम हुआ था, लेकिन शनिवार को संक्रमितों की संख्या डेढ़ हजार के करीब हो गई। गत दिवस 8839 लोगों की टेस्टिंग हुई थी।
इसमें 1480 लोग संक्रमित निकले और पांच लोगों की मौत हो गई। जनपद में अब तक 42133 लोगों को कोरोना अपनी चपेट में ले चुका है। जबकि 461 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
सीएमओ डा. अखिलेश मोहन ने बताया कि कोरोना का ग्राफ गुरुवार को थोड़ा नीचे आया था, लेकिन एक दिन बाद ही ग्राफ काफी ऊपर पहुंच गया। आज निकले 1480 पॉजिटिव में ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमितों की संख्या काफी निकली है। सरधना, मवाना, दौराला, खरखौदा, जानी आदि क्षेत्रों में संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है।
रुड़की रोड, गंगानगर, जागृति विहार, शास्त्रीनगर, मेडिकल परिसर और पॉश कालोनियों में संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। सीएमओ ने बताया कि गुरुवार को 9237 सैम्पल जांच के लिये भेजे गए थे जबकि 8839 लोगों की जांच हुई थी। बताया कि वर्तमान में जनपद के अस्पतालों में 13240 मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं 1155 लोग कोरोना को शिकस्त देकर घर लौट चुके हैं। वहीं 5574 लोग होम आइसोलेशन में है।
संगीत सोम के परिवार में तीन लोग और पॉजिटिव
सरधना: विधायक संगीत सोम के परिवार में उनकी मां व भाई समेत तीन लोग और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जबकि संगीत सोम व उनके बेटे पहले ही कोरोना से संक्रमित हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद परिवार के बाकी तीनों सदस्यों को भी स्वास्थ्य विभाग ने आइसोलेट कर दिया।
करीब पांच दिन पूर्व विधायक संगीत सोम में कोरोना के लक्षण नजर आए थे। जिसके बाद विधायक ने अपनी व परिवार की जांच कराई थी। जांच में विधायक संगीत सोम व उनके बेटे कोरोना पॉजिटिव आए थे। अब उनकी मां, भाई व भाभी में भी कोरोना के लक्षण सामने आए। उनकी भी जांच कराई तो पता चला कि तीनों लोग कोरोना से संक्रमित हैं। विधायक के परिवार में पांच लोग कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी को आइसोलेट कर दिया है।
एडीएम वित्त और एसपी सिटी कोरोना पॉजिटिव
कोरोना के संक्रमण ने अपर जिलाधिकारी वित्त और एसपी सिटी को अपने चपेट में ले लिया है। दोनों ही अधिकारी होम आइसोलेशन में है। अपर जिलाधिकारी सुभाष प्रजापति के पास आॅक्सीजन गैस सिलेंडर की निगरानी काम था। कोरोना संक्रमण की चपेट में आने के बाद अब एडीएम सिटी अजय कुमार तिवारी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, एसपी सिटी विनीत भटनागर और उनका पूरा परिवार कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गया है।

