- परिवार नियोजन के साधनों से कराया गया अवगत, उपलब्ध भी कराए
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: जिले में मंगलवार को समस्त स्वास्थ्य केंद्रों पर खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें दंपति को परिवार नियोजन के बारे में जागरूक किया गया और उन्हें उनकी पसंद के परिवार नियोजन के साधन उपलब्ध कराये गये।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया – खुशहाल परिवार दिवस पर नव दंपति और वह योग्य दंपति जिनके तीन या तीन से अधिक बच्चे हैं, जिनका पूरा परिवार हो गया है एवं छोटे बच्चे की आयु एक वर्ष पूर्ण हो गई है,को परिवार नियोजन की सेवाओं से जोड़ना है। जिससे वह अपने परिवार के आकार को अपनी सुविधानुसार और इच्छानुसार नियंत्रित कर सके।
परिवार नियोजन कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा ने बताया कि खुशहाल दिवस पर आये लाभार्थियों को बताया गया कि एक बच्चे के बाद दूसरे बच्चे में न्यूनतम करीब तीन साल का अंतर होना चाहिए, ताकि मां का शरीर पूरी तरह से तैयार हो जाए और बच्चा भी स्वस्थ पैदा हो। कॉपर टी अपनाकर पांच साल के लिए बच्चा होने से रोका जा सकता है। जब बच्चा चाहे तो कॉपर टी निकलवा कर गर्भधारण आसानी से किया जा सकता है। बच्चों में अंतर बनाए रखने के लिए अंतरा इंजेक्शन का प्रयोग किया जा सकता है।
यह इंजेक्शन महिला को हर तीन महीने पर लेना होता है। माला एन गोली का प्रयोग भी किया जाता है, जो कि महिला को रोज खानी होती है। पुरुष द्वारा कंडोम का प्रयोग किया जा सकता है जिससे बच्चों में अंतर बनाया जा सकता है। इसके अलावा इच्छुक दंपति को परिवार नियोजन के साधन भी उपलब्ध करवाए गए। जिला परिवार कल्याण एवं लॉजिस्टिक्स प्रबंधक डॉ. दिव्यांक दत्त ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस के अवसर पर जिले के हर स्वास्थ्य केन्द्र पर अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन, छाया गोली, कंडोम एवं परिवार नियोजन के अन्य साधन उपलब्ध रहे और उसके बारे में लाभार्थियों को विस्तार से बताया गया।

