जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: बेहट थाना पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी गौकश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके एक साथी को भी दबोच लिया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
क्षेत्राधिकारी बेहट प्रिया यादव ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बेहट पुलिस जनता रोड स्थित शाहपुर मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए।
पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों मोटरसाइकिल मोड़कर संसारपुर की ओर भागने लगे।पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर तेज रफ्तार के कारण मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख दोनों आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान आसिफ पुत्र जलील निवासी ग्राम खिडका भटकव्वा थाना बेहट के रूप में हुई, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान आदिल पुत्र अल्ताफ निवासी मोहल्ला कस्साबान कस्बा व थाना बेहट के रूप में की गई।
सीओ प्रिया यादव ने बताया कि घायल आरोपी आसिफ पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह गौकशी के मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में गौकशी, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत आठ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार आरोपी आदिल के खिलाफ भी अलग-अलग थानों में चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।पुलिस ने आरोपी आसिफ के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
वहीं आरोपी आदिल के कब्जे से भी एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

