जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: गंगोह थाना पुलिस ने इंटर कॉलेज के चौकीदार की हत्या के मामले में आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।
गंगोह क्षेत्राधिकारी अशोक सिसोदिया ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गंगोह पुलिस बिडौली कुण्डा बंदे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम इस्सोपुर स्थित इंटर कॉलेज के चौकीदार आदित्य पुत्र नीटू की हत्या में वांछित आरोपी आशु पुत्र देवेंद्र निवासी अमलापुर थाना झिंझाना जनपद शामली पिलखन वाली के पास हथियार के साथ मौजूद है।सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया और पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी आशु के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।सीओ अशोक सिसोदिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ है। आरोपी थाना गंगोह में दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, धमकी और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।

