जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शनिवार को संयुक्त CSIR UGC-NET जून 2026 परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब अपना परिणाम NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक और डाउनलोड कर सकते हैं।
CSIR UGC-NET जून 2026 परीक्षा का आयोजन 17 और 18 जुलाई 2026 को किया गया था। परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में देशभर के 224 शहरों में आयोजित हुई। इसमें पांच विषयों के लिए कुल 1,87,739 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था।
1.50 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
पंजीकृत उम्मीदवारों में 1,11,274 महिलाएं, 76,463 पुरुष और दो ट्रांसजेंडर उम्मीदवार शामिल थे। इनमें से कुल 1,50,057 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा देने वालों में 90,380 महिलाएं, 59,675 पुरुष और दो ट्रांसजेंडर उम्मीदवार थे।
अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर तैयार हुआ रिजल्ट
NTA ने CSIR UGNETC- जून 2026 की प्रोविजनल आंसर की और उम्मीदवारों के रिकॉर्ड किए गए जवाब 16 से 18 अगस्त 2026 तक अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध कराए थे। इस दौरान अभ्यर्थियों को उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया गया था।
प्राप्त आपत्तियों की विषय विशेषज्ञों ने समीक्षा की। विशेषज्ञों की ओर से निर्धारित अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर ही उम्मीदवारों का परिणाम तैयार किया गया है।
JRF के लिए 4,000 से अधिक उम्मीदवार योग्य
काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च (CSIR) विज्ञान और प्रौद्योगिकी के विभिन्न क्षेत्रों में अनुसंधान करने वाली प्रमुख संस्था है। CSIR और UGC की ओर से विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीय प्रयोगशालाओं और अन्य संस्थानों में वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में रिसर्च ट्रेनिंग के लिए फेलोशिप प्रदान की जाती है।
वहीं, इससे पहले 84 विषयों के लिए UGC-NET के नतीजे जारी किए गए थे। इनमें 4,000 से अधिक उम्मीदवार जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए योग्य पाए गए थे।
CSIR UGC-NET रिजल्ट 2026 ऐसे करें चेक
उम्मीदवार नीचे दिए गए आसान स्टेप्स के जरिए अपना CSIR UGC-NET जून 2026 का रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं:
- सबसे पहले NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होमपेज पर CSIR UGC-NET June 2026 Result से संबंधित लिंक पर क्लिक करें।
- मांगी गई लॉगिन डिटेल जैसे आवेदन संख्या और जन्मतिथि दर्ज करें।
- सबमिट करने के बाद आपका रिजल्ट/स्कोरकार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा।
- स्कोरकार्ड को डाउनलोड करें और भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।

