- दिल्ली रोड पर जाम से उद्यमी परेशान, रोजाना हो रहा भारी नुकसान
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: रैपिड का कार्य क्या चला शहर जाम से जूझ रहा है। मंगलवार को भी रुड़की रोड पर जाम लगा रहा। जिसके चलते ट्रैफिक कैंट में डायवर्ट किया गया और पूरा कैंट क्षेत्र जाम हो गया। गांधी बाग से लेकर कंकरखेड़ा की ओर जाने वाले मार्ग पर एक किमी लंबा जाम लगा रहा। यहां मौजूद सेना के जवानों को जाम खुलवाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
बता दें कि रुड़की रोड पर बेगमपुल के पास रैपिड रेल का कार्य चल रहा है। जिसके चलते यहां एक ओर से ट्रैफिक बंद किया गया है। मंगलवार को बेगमपुल से लेकर गांधी बाग तक जाम लगा रहा। जिसके कारण यहां रुड़की रोड की ओर से आने वाले ट्रैफिक को गांधी बाग के पास से जाने वाले मार्ग की ओर डायवर्ट कर दिया गया। यहां हालात ऐसे बने की गांधी बाग के पीछे स्थित सब एरिया कैंटीन के पास भी एक किमी लंबा जाम लग गया।
यहां सेना के जवानों को जाम खुलवाने के लिये उतरना पड़ा। सेना के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया। हालात यह रहे कि करीब एक घंटे तक वाहन यहां रुक-रुककर चलते रहे। जिसके बाद ट्रैफिक को होटल डीरोज की ओर डायवर्ट किया गया।
दिल्ली रोड भी जाम
उधर, दिल्ली रोड स्थित संजय वन चौपले से लेकर परतापुर तक जाम की स्थिति बनी है। मंगलवार को भी यही हालात रहे। यहां उद्यमियों ने इसे लेकर आपत्ति जताई है। दिल्ली रोड पर जाम लगने के कारण उद्यमियों का सामान फैक्ट्रियों तक नहीं पहुंच पा रहा है। जिस कारण उन्हें परेशानियों का सामना उठाना पड़ रहा है। फैक्ट्रियों में सामान देरी से पहुंचने के कारण आॅर्डर भी लेट होता हैं।
परतापुर इंडस्ट्रीयल एस्टेट एसोसिएशन के अध्यक्ष निपुण जैन ने कहा कि जाम के कारण फैक्ट्रियों में वह समय पर नहीं पहुंच पाते, जिससे नुकसान हो रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर यहां ट्रैफिक व्यवस्था सही कराने की मांग की है। उधर, लघु उद्योग भारती के राजकुमार शर्मा ने भी यहां शताब्दी नगर से बिजली बंबा बाइपास की ओर जाने वाले करीब एक किमी मार्ग को भी दुरुस्त कराने की मांग की है। जिससे यहां ट्रैफिक सही हो सके।

