- व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर की मांग
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने बताया कि संगठन के आहवान पर प्रदेशभर के व्यापारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ईमेल से ज्ञापन भेजकर कोरोना से मरने वाले व्यापारियों के परिवारों को 10 लाख रुपये आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।
संगठन के प्रदेशध्यक्ष घनश्यादास गर्ग ने बताया कि मुजफ्फरनगर व सहारनपुर में मुख्यमंत्री दौरे पर पहुंचे वहां के व्यापारियों ने सीधे मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। बाकी सभी जिलों में व्यापारियों ने ई-मेल द्वारा ज्ञापन भेजे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कोरोना से संक्रमित होकर हर जिले में सैकड़ों व्यापारियों की अकाल मृत्यु हो चुकी है। ऐसे में उनके परिजनों को आर्थिक संकट पैदा हो गया है।
इसलिए उनके परिजनों को आर्थिक स्थिति से उबारने के लिए प्रदेश में कोरना से मृत व्यापारी को जीवन दुर्घटना बीमा से जोड़कर उसे 10 लाख के जीवन दुर्घटना बीमा का लाभ तुरंत मिलना चाहिए। प्रदेश में जहां-जहां मुख्यमंत्री प्रदेश दौरे पर जाएंगे वहां के व्यापारी मुख्यमंत्री को सीधे इस आशय का ज्ञापन सौंपेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने सभी जिलों के जिला अध्यक्षों को निर्देशित किया है कि यथाशीघ्र अपने-अपने जिलों की कोरोना संक्रमण से मृत हुए व्यापारियों की सूची भेजें ताकि कोरोना संक्रमण से मृत व्यापारियों की जिलेवार सूची शासन स्तर पर सरकार को भेजी जा सके।
देश का व्यापारी संकट में है उसकी मदद के लिए सरकार को आगे आना चाहिए क्योंकि व्यापारी सदैव जीएसटी आदि तरह-तरह के टैक्स देकर सरकार के खजाने भरता रहा है। उधर लॉकडाउन के कारण भी व्यापारी की अर्थव्यवस्था चरमराई हुई है।

