- डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पहुंचे राफन
- डिप्टी सीएम ने बोले, आने वाली पीढ़ी को बहुत कुछ देकर जाएंगे
जनवाणी संवाददाता |
मवाना: सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत सरोवर योजना के क्रम में रविवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र के गांव राफन पहुंचे और अमृत सरोवर की नींव रखकर भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। डिप्टी सीएम ने कहा कि तालाब, हरे वृक्षों की जो धरोहर हमारे पूर्वज हमें देकर गए थे, उन्हें सहेजने की जरूरत है। सरकार आने वाली पीढ़ी के लिए उन्हीं धरोहरों को अपने पूर्व स्वरूप में बनाकर सौंपेगी।
अपने निर्धारित कार्यक्रम से लगभग एक घंटा देरी से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य राफन गांव पहुंचे। सबसे पहले गांव के बाहरी छोर में स्थित अमृत सरोवर तालाब पर उन्होंने शहीद नरेंद्र सिंह अमृत सरोवर निर्माण के लिए शिलान्यास व भूमि पूजन किया। विधि विधान व मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन किया गया। इसके बाद जलशक्ति राज्यमंत्री एवं हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक, जिलाध्यक्ष भाजपा विमल शर्मा, भाजपा नेता विनीत शारदा, डीएम दीपक मीणा, सीडीओ शशांक चौधरी आदि के साथ तालाब के पास प्राथमिक स्कूल पहुंचे और कार्यक्रम को संबोधित किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, तभी से देश की जनता के लिए कुछ न कुछ सोचते रहते हैं। आज पूरी दुनिया में मोदी जी की वजह से भारत का डंका बजता है। 50 साल पहले हमारे गांवों में तालाब पानी से भरे रहते थे और हरियाली रहती थी, लेकिन बहुत से लोगों ने तालाबों पर कब्जा कर अपनी जांगीर बना चुके हैं। हमारे पूर्वज जो धरोहर सौंपकर गए थे, उन्हें हम सहेजकर नहीं रख पाए।
आजादी के 75 साल पूरे होने पर सरकार उन्हीं तालाबों का जीर्णोद्धार करने के लिए अमृत सरोवर योजना चला रही है। पहले चरण में हर लोस क्षेत्र में 75 अमृत सरोवर तैयार किए जाएंगे। सरोवर के चारों ओर पैदल चलने के लिए पथ बनेगा। बैठने के लिए बैंच बनेगी और बच्चों के पढ़ने के लिए हर गांव में लाइब्रेरी बनेगी। यह सिर्फ सरकार का काम नहीं है। इसे सहेजने की जिम्मेदारी समाज की है।
तभी हम आने वाली पीढ़ी को कुछ देकर जाएंगे। संबोधन के बाद उन्होंने ग्राम प्रधानों के साथ वर्चुअल बैठक की। मुख्य विकास अधिकारी के अलावा एसपी देहात केशव मिश्रा, एसडीएम अमित गुप्ता, सीओ उदयप्रताप सिंह, इंस्पेक्टर विष्णु कौशिक आदि मौजूद रहे।
डीएम-सीडीओ एवं ब्लॉक प्रमुख ने किया अमृत सरोवर में पौधरोपण
हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र के गांव राफन में अमृत सरोवर की नींव रखने के लिए पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के जाने के बाद डीएम दीपक मीणा, सीडीओ शशांक चौधरी, ब्लॉक प्रमुख गीता पायल गुर्जर एवं डा. योगेश गुर्जर ने बीडीओ अमरेश कुमार ने संयुक्त रूप से विभिन्न प्रजातियों के वृक्ष को सरोवर के पास लगाएं। इस दौरान डीएम दीपक मीणा ने बीडीओ अमरेश कुमार को निर्देश देते हरियाली की देखभाल करने के टीम गठित की।
बम निरोधक दस्ते एवं खुफिया एजेंसी ने देखी सीएचसी में व्यवस्था
अमृत सरोवर की नींव रखने के लिए पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के पहुंचने से पहले गर्मी के चलते इमरजेंसी में होने वाली व्यवस्था को परखने के लिए बम निरोधक दस्ते ने चेकिंग की। इस दौरान सीएचसी प्रभारी डा. सतीश भास्कर से हमला निरोधक दस्ते एवं खुफिया एजेंसी के अधिकारियों ने वार्ता की। इस मौके पर चिकित्सकों ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के दौरे को देखते हुए सभी व्यवस्था को सुदृढ़ कर एक इमरजेंसी वार्ड को तैयार कर दिया।
डिप्टी सीएम की अगुवाई मे लगाया अवैध अग्निशमन सिलेंडर
हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र के गांव राफन में अमृत सरोवर की नींव रखने के लिए पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का आने से पहले मवाना शिलान्यास के स्थान पर अग्नि शमन के प्रभारी प्रभारी प्रमोद तोमर ने एक्सपायर सीओटू का सिलेंडर लगा दिया। इससे यह प्रतीत होता है कि आखिर अग्निशमन द्वारा एक्सपायर सिलेंडर क्यो रखा था। एक्सपायर सिलेंडर देख मीडिया बंधुओं ने अग्नि शमन के प्रभारी प्रभारी प्रमोद तोमर ने कार्बन डाई आॅक्साइड की मात्रा नौ लीटर गैस होती है, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने एक्सपायर सिलेंडर देख उसको बदलवाना उचित नहीं समझा।

