- यमुना में स्नान के बाद सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी मन्नतें
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: सोमवती अमावस्या पर हजारों श्रद्धालुओं ने यमुना तट पर पहुंचकर यमुना के पवित्र जल में स्नान किया और सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना करने के साथ ही ब्राह्मणों को दान दक्षिणा दी। सोमवती अमावस्या के अवसर पर सोमवार सुबह करीब 5 बजे से ही यमुना तट पर श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था।
हरियाणा और यूपी के हजारों श्रद्धालुओ ने हरियाणा की साइड से यमुना नदी में स्नान किया। श्रद्धालुओं ने यमुना के जल में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने यमुना तट पर बैठकर पूजा अर्चना की और ब्राह्मणों को दान दक्षिणा व वस्त्र आदि भेंट किए।
सोमवती अमावस्या पर स्नान के दौरान यमुना किनारे खेल खिलौनों और प्रसाद की दुकानें लगाई गई। बच्चों ने जमकर खेल खिलौने खरीदे। सुरक्षा की दृष्टि से यमुना तट पर गोताखोर और यूपी पुलिस के जवान तैनात रहें।

