- शिक्षक संघ ने लखनऊ में महानिदेशक कार्यालय में दिया पत्र
जनवाणी संवाददाता |
शामली: उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद शामली के जिला संयोजक ब्रिजेश शर्मा और मंडल अध्यक्ष सहारनपुर बालेंद्र कुमार लखनऊ में महानिदेशक स्कूल शिक्षा कार्यालय में पहुंचे। उन्होंने महानिदेश स्कूल शिक्षा की अनुपस्थिति में कार्यालय में एडीजे रोहित त्रिपाठी को प्रार्थना पत्र सौंपा। जिसमें उन्होंने बताया कि शामली बीएसए आफिस में वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में स्टाफ की विकराल समस्या है।
साल 2011 में जनपद सृजन के बाद शामली में वित्त एवं लेखाधिकारी की नियुक्ति की गई थी जिनका एक वर्ष पूर्व बागपत ट्रांसफर हो गया था। जिनको चार्ज दिया गया था वह भी रिटायर हो चुके हैं। इस समय जनपद में वित्त एवं लेखाधिकारी के साथ ही कोई सहायक लेखाकार, कम्प्यूटर आपरेटर और कोई चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की भी तैनाती नहीं है। शामली जनपद में फिलहाल बीआरसी के बाबू और एक वित्त एवं लेखाधिकारी अटैच हैं जिन पर जनपद के कई विभागों का चार्ज है।
ऐसे में शिक्षकों एवं कर्मचारियों का कार्य सुचारू रूप से नहीं चल पा रहा और उन्हें बड़ी परेशानी हो रही है। उन्होंने शामली में वित्त एवं लेखधिकारी, सहायक लेखाकार, लेखाकार, कप्यूटर आपरेटर व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की नियुक्त जल्द कराए जाने की मांग की है। वहीं महानिदेश स्कूल शिक्षा कार्यालय में एडीजे ने समस्या को गंभीरता से लिया तथा अति शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

