जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा अस्पताल ले जाने की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध की आवाजों को दबाना संविधान और लोकतंत्र दोनों के लिए नुकसानदायक है।
डिंपल यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, “बीजेपी वाले देश के लिए सफेद चादर का कफन लेकर आए हैं। जब शांतिपूर्ण आवाजों को दबाया जाता है, तो संविधान और लोकतंत्र भी आहत होते हैं। सोनम वांगचुक जैसे लोगों की आवाज दबाना, देश की आत्मा को दबाना है।”
जंतर-मंतर से अस्पताल ले गई थी पुलिस
शनिवार सुबह दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस सफदरजंग अस्पताल लेकर गई। इस दौरान मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया, जिससे कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
अभिजीत दीपके ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि पुलिस ने सोनम वांगचुक को जबरन जंतर-मंतर से हटाया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
दीपके ने दावा किया, “जब मैं सुबह जंतर-मंतर से बाहर गया था, उसी दौरान पुलिस वहां पहुंची और सोनम वांगचुक को जबरन अपने साथ ले गई। जब मैं वापस लौट रहा था, तब पुलिस ने मेरे साथ भी मारपीट की।” उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताते हुए तीखी टिप्पणी भी की।
21 दिनों से अनशन पर हैं सोनम वांगचुक
सोनम वांगचुक पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पिछले 21 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। लंबे समय तक अनशन के कारण उनकी सेहत लगातार बिगड़ रही थी और बताया गया है कि उनका वजन लगभग 9.5 किलोग्राम कम हो चुका है।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद अस्पताल में कराया गया भर्ती
इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने गुरुवार को केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार को निर्देश दिया था कि सोनम वांगचुक का प्रतिदिन चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि इसी न्यायालयीय आदेश और डॉक्टरों की सलाह के आधार पर सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना के बाद मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं।

