- स्पेशल न्यू बोर्न केयर यूनिट में नौ स्टाफ नर्स की तैनाती
जनवाणी संवाददाता |
शामली: मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी जसजीत कौर ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जनपद की रैंकिंग 17 से 7 वें स्थान पर आने पर संतोष व्यक्त किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने नियमित टीकाकरण में कार्ययोजना बनाकर टीकाकरण के निर्देश दिए। साथ ही, संस्थागत प्रसव में थानाभवन, शामली एवं ऊ न ब्लॉक में प्रगति कम होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी को संस्थागत प्रसव बढ़ाने और जननी सुरक्षा योजना का शत-प्रतिशत भुगतान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने राष्ट्रीय क्षय रोग में टीबी नोटिफिकेशन बढ़ाने तथा विभागीय कार्यक्रमों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए जहा पर प्रगति कम है, वहां पर प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. संजय अग्रवाल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जनपद में स्पेशल न्यू बोर्न केयर यूनिट(एसएनसीयू) के लिए 09 स्टाफ नर्स की तैनाती हो गई है, अब एसएनसीयू चालू हो जाएगा।

