जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की तीन राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। आयोग के अनुसार, इन सीटों पर 24 जुलाई 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना कराई जाएगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के मुताबिक, 7 जुलाई को अधिसूचना जारी होगी। उम्मीदवार 14 जुलाई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 15 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 17 जुलाई तक नाम वापस लेने की अनुमति रहेगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 27 जुलाई तक पूरी कर ली जाएगी।
तृणमूल कांग्रेस के तीन राज्यसभा सांसदों ने दिया इस्तीफा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस में राजनीतिक हलचल देखने को मिली। इसका असर राज्यसभा तक भी पहुंचा, जहां पार्टी के तीन सांसदों ने अलग-अलग दिनों में इस्तीफा दिया।
8 जून को वरिष्ठ राज्यसभा सांसद शुखेंदु शेखर रॉय ने राज्यसभा सदस्यता और पार्टी, दोनों से इस्तीफा दे दिया।
इसके बाद 10 जून को सुष्मिता देव ने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपना इस्तीफा सौंपा।
11 जून को प्रकाश चिक बराइक ने भी राज्यसभा सदस्यता छोड़ दी।
कार्यकाल की बात करें तो शुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बराइक का कार्यकाल 18 अगस्त 2029 तक था, जबकि सुष्मिता देव का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक निर्धारित था।
गुजरात की मंझलपुर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव
चुनाव आयोग ने गुजरात की मंझलपुर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किया है। इस संबंध में सोमवार को अधिसूचना जारी होने के साथ ही चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई।
यह सीट भाजपा के आठ बार के विधायक योगेश पटेल के 2 जून को निधन के बाद रिक्त हुई थी।
आयोग के अनुसार—
13 जुलाई: नामांकन की अंतिम तिथि
14 जुलाई: नामांकन पत्रों की जांच
16 जुलाई: नाम वापस लेने की अंतिम तिथि
30 जुलाई: आवश्यक होने पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान
4 अगस्त: मतगणना और चुनाव प्रक्रिया पूरी
बिहार और मध्य प्रदेश की दो विधानसभा सीटों पर भी होंगे उपचुनाव
चुनाव आयोग ने यह अधिसूचना जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के प्रावधानों के तहत जारी की है। आयोग के सचिव बिनोद कुमार ने चुनाव कार्यक्रम को अधिसूचित किया।
मंझलपुर के अलावा बिहार की बांकीपुर और मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव कराए जाएंगे। वडोदरा जिले की मंझलपुर सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। ऐसे में उम्मीदवारों की घोषणा के साथ यहां चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है।

