जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दिल्ली बिजली नियामक आयोग (डीईआरसी) ने बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) को फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। हालांकि, आयोग ने आम उपभोक्ताओं को राहत देते हुए 500 यूनिट तक मासिक बिजली खपत करने वाले घरेलू ग्राहकों को इस बढ़ोतरी से बाहर रखा है।
नए फैसले के तहत 500 यूनिट से अधिक बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली बिल में वृद्धि होगी। ऐसे ग्राहकों के लिए बिजली दरों में 1 फीसदी से लेकर 3.30 फीसदी तक की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, दिल्ली सरकार की बिजली सब्सिडी का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं पर इस फैसले का कोई असर नहीं पड़ेगा। इनमें 200 से 500 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले पात्र उपभोक्ता शामिल हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, बिजली उत्पादन और ईंधन लागत में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए फ्यूल सरचार्ज में संशोधन किया गया है। डीईआरसी का कहना है कि आम घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से 500 यूनिट तक की खपत को इस बढ़ोतरी के दायरे से बाहर रखा गया है।
आयोग के इस निर्णय से बड़ी संख्या में परिवारों के बिजली बिल पर कोई अतिरिक्त असर नहीं पड़ेगा, जबकि अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को बढ़ी हुई दरों के अनुसार भुगतान करना होगा।

