- एनसीआरटीसी ने किया ऐलान, व्यापारियों में हड़कंप
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: बेगमपुल पर रैपिड रेल का भूमिगत स्टेशन निर्माण की तैयारियां में जुटी है। यहां एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने शनिवार को माइक से एलाउंसमेंट किया कि दो दिन के अंदर दुकानें खाली कर दें, अन्यथा बुलडोजर चलाकर दुकानों को खाली कराया जाएगा। इसी तरह का एलाउंसमेंट फुटबॉल चौराहे से लेकर दिल्ली रोड पर भी किया गया। बेगमपुल पर स्टेशन का निर्माण भूमिगत किया जाना है।
इसकी तैयारी में एनसीआरटीसी के अधिकारी जुटे हुए है। एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने पिछले एक पखवाड़े से बेगमपुल पर वाहनों का डायवर्जन भी कर रखा है। यही नहीं, बेगमपुल स्थित शास्त्री की मूर्ति के पीछे बनी तमाम दुकानों को खाली कराने के लिए शनिवार को एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने लाउडस्पीकर से चेतावनी दी है कि दो दिन के अंदर दुकानों को खाली कर दें, अन्यथा एनसीआरटीसी बुलडोजर चलाएगी।
एनसीआरटीसी के अधिकारियों की इस चेतावनी के बाद व्यापारियों में हड़कंप मच गया। व्यापारियों ने इसको लेकर मीटिंग की और कहा की दुकानें तभी खाली करेंगे जब उनको दुकान दी जाएगी। इस तरह से यहां टकराव के हालात भी पैदा हो सकते है। यही नहीं, कहीं और भी स्थानों पर एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने एलाउंसमेंट करके झुग्गी झोपड़ियों को भी खाली कराने की चेतावनी दी है।
दरअसल, शास्त्री की मूर्ति के पीछे बनी दुकानें रैपिड रेल के कार्य में बाधा बन रही है। इसी तरह से ब्रह्मपुरी में स्टेशन बनाया जाना है, जहां पर मेवला फाटक से आगे रामलीला मैदान तक सड़क के दोनों ओर लोगों ने झोपड़िया डालकर अवैध अतिक्रमण कर रखा है।
एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने यहां भी एलाउंस कर जगह को खाली करने की चेतावनी दी। इस दौरान अपर नगर मजिस्ट्रेट और नगर निगम को भी अवैध निर्माण हटाने के लिए पत्र व्यवहार किया गया है। अब नगर निगम की टीम यहां से अवैध निर्माण को हटाएगी।

