जनवाणी ब्यूरो |
देहरादून: उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत पर लगे आरोपों को लेकर हाईकोर्ट की ओर से दिए गए सीबीआई जांच के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है। सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद अब भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। वहीं, स्टिंग मामले में पूर्व सीएम हरीश रावत के वकील रहे वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल को भी आड़े हाथ लिया।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता मुन्ना सिंह चौहान ने प्रेसवार्ता कर कहा कि कपिल सिब्बल ने स्टिंग प्रकरण में उमेश के खिलाफ हाईकोर्ट में पैरवी की थी। उस वक्त पूर्व सीएम हरीश रावत ने उमेश शर्मा पर कई आरोप लगए थे। लेकिन अब सीएम त्रिवेंद्र को लेकर वे उमेश शर्मा के पक्ष में बाते कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हरीश रावत अधीर होकर बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने हरीश रावत पर उमेश शर्मा के साथ मिलकर सीएम त्रिवेंद्र की छवि खराब करने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत हमेशा से ही राज्य को नुकसान पहुंचाने में अग्रणी रहे हैं।
अब उन्हें दिख रहा है कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में उत्तराखंड काफी तेजी से विकास कर रहा है। आम जनता त्रिवेंद्र शासन से खुश है। इसीलिए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने यह एक बड़ा षड्यंत्र रच डाला। लेकिन जनता सब समझ रही है और इस षड्यंत्र के लिए उत्तराखंडवासी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को कभी माफ नहीं करेंगे।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि जो जैसा होता है उसे दूसरा भी वैसा ही लगता है हरीश रावत के मुख्यमंत्री काल में भ्रष्टाचार चरम पर रहा। अब उन्हें ऐसा लग रहा होगा कि त्रिवेंद्र सरकार में भी उनके कार्यकाल की तरह गड़बड़ियां हो रही होंगी पर ऐसा नहीं है मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को जो सही लगता है । वह वही करते हैं जनता की भावनाओं के अनुरूप और उत्तराखंड के हित में वह निर्णय लेते हैं।

