- गन्ना मंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए की समीक्षा
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: प्रदेश के चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेराई-सत्र 2020-21 के लिए चीनी मिलों के शीघ्र संचालन तथा गन्ना मूल्य भुगतान के निर्देश दिए। उन्होंने साफ चेताया कि अगर घटतौली पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। साथ अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान तत्काल सुनिश्चित कराने तथा गन्ना मूल्य मद की धनराशि के व्यावर्तन पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जाए।
बुधवार को प्रदेश के चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास सुरेश राणा द्वारा लखनऊ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से वर्तमान पेराई सत्र 2020-21 में चीनी मिलों के संचालन, गन्ना मूल्य भुगतान, गन्ना मूल्य की धनराशि के व्यावर्तन रोकने, घटतौली पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं चीनी मिलों को पूर्ण क्षमता पर चलाने आदि बिन्दुओं पर समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने पेराई सत्र 2020-21 में प्रदेश की चीनी मिलों के संचालन की समीक्षा करते हुए 119 चीनी मिलों में से 80 चीनी मिलों द्वारा पेराई कार्य विधिवत संचालित कर दिया गया है। गन्ना मंत्री द्वारा शेष चीनी मिलों के संचालन को पूरी सुरक्षा के साथ शीघ्र-अतिशीघ्र प्रारम्भ करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में पेराई सत्र के दौरान घटतौली पाए जाने पर दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई करते हुए तत्काल एफआईआर करने के निर्देश दिए। मंत्री द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग में उपस्थित अधिकारियों को गन्ना किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण तथा सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश जिससे किसानों का विश्वास विभाग के प्रति और बढ़े।
इस दौरान अपर मुख्य सचिव चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास संजय आऱ भूसरेड्डी द्वारा समस्त परिक्षेत्रीय उप गन्ना आयुक्तों को पेराई सत्र के दौरान स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं के त्वारित निराकरण के लिए नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं का त्वारित निराकरण कराने के लिए निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में प्रदेश के अपर मुख्य सचिव, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास संजय आऱ भूसरेड्डी तथा वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों के साथ प्रदेश के परिक्षेत्रीय उप गन्ना आयुक्तों ने प्रतिभाग किया।

