- कस्बे मेला ग्राउंड में ए टू जेड प्ले स्कूल का हुआ शुभारंभ
जनवाणी संवाददाता |
मोरना: कस्बे के मेला ग्राउंड में ए टू जेड प्ले स्कूल का उद्घाटन करते हुए श्री शुकदेव आश्रम शुकतीर्थ के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज ने कहा कि बच्चे एक अच्छे समाज और राष्ट्र निर्माण की नींव होते हैं। बच्चों को अच्छे संस्कार दिए जाए तब उनका भविष्य उज्जवल हो जाएगा।
बच्चों को अच्छी शिक्षा तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए स्कूलों की स्थापना करना अभिनंदनीय, सराहनीय एवं अनुकरणीय कार्य है। बच्चों की शिक्षा के लिए कार्य करना एक ज्ञानयज्ञ है। ज्ञानयज्ञ सबसे बड़ा यज्ञ है। शिक्षा एक प्राकृतिक संस्कार है। आज ऐसी शिक्षा की आवश्यकता है, जो मनुष्य का सवार्गीण विकास करे।
बौद्धिक और मानसिक विकास कर अपने पैरों पर खड़ा होना सिखाए। शिक्षा एक बाल केंद्रित प्रकिया है। शिक्षक का कर्तव्य है कि वह बच्चों में सत्यता, सादगी, ईमानदारी, अहिंसा परोपकारिता, देशभक्ति, कर्तव्य परायणता, नैतिकता जैसे दिव्य गुण बच्चों के मन मस्तिष्क में विकसित करने के की शिक्षा प्रदान करें। बच्चे राष्ट्र और समाज की अमूल्य धरोहर एवं निधि होते हैं। बच्चे बचपन में जो कुछ भी सीख लेते हैं आगे चलकर उसी से जीवन का निर्वहन करते हैं।
समारोह की अध्यक्षता शिक्षाविद डा. हरपाल सिंह पंवार ने कहा कि माता-पिता ही बच्चे के सबसे पहले गुरु होते है जो शिक्षा प्रदान करते है। मां बाप को अपने बच्चों को अच्छे संस्कार देने चाहिए।समारोह में डायरेक्टर जितेंद्र कुमार, पिंटू अरोरा, प्रधानाचार्या दुर्गेश शर्मा, न्यू आर्य कन्या पब्लिक इंटर कालेज की प्रधानाचार्या रमा राठी, डा. बलराम पाल, हवा सिंह, अनिल कुमार, प्रदीप कुमार, केवी सिंह, पूजा, लवकेश, बबीता पाल संजीव अरोरा, अरविंद, डा. अलका, भावना, सुनीता मनीषा, अंकित, आकाश आदि मौजूद रहे।

