जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: के.एम.सी. मैडिकल एण्ड एजुकेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वाधान में के.एम.सी. हॉस्पिटल के सौजन्य से रविवार को बागपत रोड स्थित अस्पताल परिसर में निःशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का संचालन वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. रजनी यादव व उनकी टीम द्वारा किया गया। शिविर में पंजीकृत मरीजों की हड्डियों में कैल्शियम की जांच, शारीरिक कार्यक्षमता की जांच के साथ-साथ हड्डी, जोड़ों, नसों व मांसपेशियों के दर्द की जांच अत्याधुनिक मशीनों द्वारा की गई। इसके अलावा मरीजों का ब्लड शुगर टेस्ट भी किया गया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार शिविर में कुल 94 मरीजों का पंजीकरण हुआ। सभी मरीजों को दर्द से निजात पाने के उपायों और नियमित व्यायाम द्वारा शरीर को स्वस्थ रखने के संबंध में विस्तृत परामर्श दिया गया।
इस अवसर पर डॉ. रजनी यादव ने कहा कि दर्द एक ऐसी समस्या है जिससे हर वर्ग का व्यक्ति प्रभावित होता है। दर्द के कारण व्यक्ति का दैनिक, सामाजिक और व्यावसायिक जीवन बुरी तरह प्रभावित होता है। कई बार दर्द इतना असहनीय हो जाता है कि व्यक्ति का जीवन मुश्किल में पड़ जाता है। ऐसी स्थिति से बचने के लिए समय पर जांच और उचित व्यायाम जरूरी है।
डॉ. रजनी ने शिविर में आए सभी मरीजों को दैनिक जीवनचर्या को सुचारू रखने और दर्द प्रबंधन के लिए जरूरी व्यायाम के टिप्स भी दिए। शिविर में पहुंचे सभी मरीज अपने स्वास्थ्य परीक्षण से संतुष्ट नजर आए।

