- रात में किसान अपने खेत में जेसीबी से कर रहा था खुदाई
जनवाणी संवाददाता |
ऊन: गांव खेड़ी खुशनाम में एक किसान के खेत में मिट्टी खुदाई के दौरान धातु के सिक्के निकल गए। क्षेत्र में यह खबर आग की तरह फैल गई जिसके बाद खेत पर ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। चर्चा यह फैल गई कि मिट्टी खुदाई में सोने-चांदी के सिक्कों निकले है जिसकी चाहत में लोगों ने खेत की मिट्टी को छान मारा।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन वहां किसी धातु के सिक्के नहीं मिले। जिसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों को वहां से दौड़ा दिया और पुलिस भी लौट आई। ऊन तहसील के गांव खेड़ी खुशनाम में एक किसान द्वारा रात्रि के समय अवैध रूप से जेसीबी मशीन लगाकर मिट्टी खनन कराया जा रहा था।
मिट्टी को ट्राली में भरकर अन्यत्र स्थान पर ले जाया जा रहा था। चर्चा है कि मिट्टी से भरी ट्राली को जब दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था रास्ते में कुछ सिक्के सड़क पर गिरते चले गए। राहगीरों ने सिक्कों की आवाज सुनकर उन्हें उठाना शुरू कर दिया। जिसके बाद वहां चर्चा फैल गई कि उक्त सिक्के सोने-चांदी के हैं।

देखते ही देखते खेत से सोने-चांदी के सिक्के निकलने की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई। गांव व क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में खेत पर पहुंच गए तथा मिट्टी को छान मारा कुछ ग्रामीणों ने खेत से बरामद सिक्के भी दिखाएं। चर्चा है कि काफी संख्या में सिक्के निकले हैं। सूचना पर चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे तथा खेत मालिक से जानकारी ली।
खेत मालिक ने सिक्के निकलने की बात से इंकार किया लेकिन क्षेत्र के लोगों ने सिक्के निकलने की बात कहीं तथा सिक्के भी दिखाएं। इस संबंध में चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि खेत में मिट्टी खुदाई के दौरान सिक्के मिलने की सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन खेत मालिक ने जानकारी से इंकार किया है। पुलिस जांच में भी ऐसा कुछ नहीं पाया गया है।

