जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा हो गया। आजमगढ़ से लखनऊ जा रही रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में बस चालक समेत 27 यात्री घायल हो गए। इनमें छह की हालत गंभीर बताई गई है।
हादसा रात करीब 1:30 बजे माइलस्टोन 56.7 के पास हुआ। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस और यूपीडा की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची और बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी बाजार शुकुल पहुंचाया।
अस्पताल में छह गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज, तिलोई रेफर किया गया। 16 घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, जबकि 11 यात्रियों को मामूली चोटें होने के कारण दवा देकर घर भेज दिया गया।
छह गंभीर घायलों को तिलोई रेफर
घायलों में बस चालक संजय सिंह (56) निवासी रामपुर, आजमगढ़, जगदंबा गुप्ता (35), उनकी पत्नी विनीता गुप्ता (32), जयप्रकाश (35) निवासी शिवपुर, बृजेश राय (49), काशीनाथ यादव (35), सीमा अस्थाना (42) निवासी हरदोई, किशन कुमार (29) निवासी चुल्लूपार, गोरखपुर, श्वेता पांडे (46) निवासी अलीगंज, लखनऊ और कार्तिक राजभर (25) समेत अन्य यात्री शामिल हैं।
संजय सिंह, जयप्रकाश, बृजेश राय, सीमा अस्थाना, श्वेता पांडे और कार्तिक राजभर को गंभीर चोटों के चलते मेडिकल कॉलेज, तिलोई रेफर किया गया है।
चालक को झपकी आने से हादसा होने का आरोप
यात्री दिलशाद ने बताया कि हादसे के वक्त वह जाग रहे थे। उनके मुताबिक, चालक को झपकी आने के कारण बस आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे के समय कई यात्री सो रहे थे।
घायलों में शामिल आफरीन बानो की रविवार सुबह 9:15 बजे लखनऊ से सऊदी अरब के लिए उड़ान थी। वह पहली बार अपने पति मोहम्मद हुसैन के पास जा रही थीं। सिर में हल्की चोट लगने के बाद आफरीन बार-बार यही पूछ रही थीं कि क्या वह अपने पति के पास पहुंच पाएंगी।

