जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव में मतों की गिनती जारी है। अभी तक के जो रुझान सामने आ रहे हैं उसके मुताबिक बीजेडी-जेडीयू गठबंधन की पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनती दिख रही है। अभी तक के आंकड़ों के मुताबिक सीमांचल और कोसी में महागठबंधन को काफी नुकसान हुआ है। नीतीश कुमार ने यहां आरजेडी के एम-वाई (मुस्लिम-यादव) समीकरण को ध्वस्त कर दिया हैय़
रुझानों के मुताबिक, 53 मुस्लिम बहुल इलकों में एनडीए को 35 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है। वहीं, महागठबंधन को महज 12 सीटों पर बढ़त हासिल है। महागठबंधन को इस इलाके में 13 सीटों का नुकसान होता दिख रहा है। इससे इतर अन्य को भी चार और लोजपा को एक सीट पर बढ़त हासिल है।
जेडी-यू कोसी को पार करने की ओर अग्रसर है। यहां वह लगभग सभी सीटों पर आगे चल रही है। वहीं भाजपा और वीआईपी उम्मीदवार भी बम्पर सफलता की ओर बढ़ रहे हैं। यहां तक कि कांग्रेस की उम्मीदवार सुभाषिनी यादव भी बिहारीगंज में पीछे हैं।
इसी तरह सबसे चौंकाने वाला परिणाम मुस्लिम गढ़ बैसी से आने की संभावना है जहां भाजपा एआईएमआईएम के उम्मीदवार सैयद रुकुनुद्दीन से आगे चल रही है। राजद उम्मीदवार सत्तारूढ़ विधायक अब्दुल सुभान पीछे चल रहे हैं और वे तीसरे स्थान पर हैं।
AIMIM सीमांचल में अमौर और बहादुरगंज सीटों पर आगे चल रही है। AIMIM के बिहार अध्यक्ष अख्तरुल ईमान अमौर में नेतृत्व कर रहे हैं। यहां कांग्रेस के विधायक अब्दुल जलील मस्तान तीसरे स्थान पर हैं। किशनगंज में चार सीटों में से जेडी-यू दो एआईएमआईएम पर है और बीजेपी एक पर है।
कटिहार में कांग्रेस कोरहा सीट बरकरार रखने की उम्मीद कर रही है जबकि भाजपा कटिहार और प्राणपुर सीट बरकरार रखने की ओर अग्रसर है। पूर्णिया में जेडी-यू के उम्मीदवार धमदाहा और रूपौली सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं जबकि बीजेपी बनमनखी और पूर्णिया सीटों पर आगे चल रही है।
कसबा सीट पर कांग्रेस और लोजपा के बीच करीबी मुकाबला है। यहां भाजपा के बागी बने प्रदीप कुमार दास कांग्रेस के उम्मीदवार और मौजूदा विधायक अफाक आलम के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। सीट पर HAM के उम्मीदवार राजेंद्र यादव तीसरे स्थान पर हैं।
अभी तक के रुझानों के मुताबिक, बीजेपी-जेडीयू गठबंधन को 127 सीटों पर बढ़त हासिल है। इसके साथ ही 105 सीटों पर आरजेडी गठबंधन आगे है। तीन पर लोजपा और अन्य को आठ सीटों पर बढ़त है।
देर रात तक आएंगे अंतिम नतीजे
बिहार में एक करोड़ से अधिक मतों की गिनती हो चुकी है और अंतिम नतीजे मंगलवार देर रात तक आएंगे। चुनाव आयोग ने आज दोपहर पत्रकारों को यह जानकारी दी। उपचुनाव आयुक्त चंद्रभूषण कुमार संदीप जैन और आशीष कुंद्रा ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में बताया कि कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी के कारण इस बार बिहार चुनाव में 63 प्रतिशत से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए थे क्योंकि हर केंद्र पर एक से 1500 तक मतदाता ही वोट डाल सकते थे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में 65 हज़ार मतदान केंद्र थे जबकि इस बार एक लाख छह हज़ार मतदान केंद्र बने थे।
उन्होंने यह भी बताया कि मतगणना न्यूनतम 19 राउंड में होती है और अधिकतम 51 राउंड में। वैसे औसतन 35 राउंड में मतों की गिनती होती है। अभी तक एक करोड़ से अधिक मतों की गिनती हो चुकी और देर रात तक सारे नतीजे आ जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि मतगणना 55 स्थानों पर चल रही है। पिछली बार 38 स्थानों पर हुई थी। उन्होंने कहा कि मतगणना को लेकर अभी तक कोई शिकायत या समस्या नहीं आई है। मतों की गिनती सुचारू रूप से हो रही है। कहीं से भी कोई व्यवधान की बात सामने नहीं आयी है।

