- पत्नी की मुख्यमंत्री से दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शहर में नकली प्रोटीन और स्टेरायड का अवैध धंधा करने वालों की बाढ़ आई हुई है। इस तरह के नकली प्रोटीन और स्टेरायड बेचने वालों के कारण युवा गंभीर बीमारियों से ग्रसित हो रहे है। गढ़ रोड स्थित एक जिम के ट्रेनर की नकली प्रोटीन खाने से दर्दनाक मौत हो गई। ट्रेनर की विधवा का कहना है कि वो मुख्यमंत्री से नकली प्रोटीन बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगी।
गढ़ रोड स्थित राज नगर में रहने वाले संजीव धामा पुत्र भोपाल धामा उम्र 35 वर्ष गढ़ रोड स्थित जनता नगर में स्थित टाइटन जिम में ट्रेनर था। वो प्रोटीन लेता था। 12 अगस्त को उसकी तबीयत बिगड़ी तो घर वालों ने सोचा कि मिठाई खाने से तबीयत खराब हुई होगी। संजीव के बड़े भाई अमित धामा ने बताया कि तेरह अगस्त को संजीव का ब्लड टेस्ट कराया गया तो किडनी में संक्रमण निकला।

घर वालों ने सबसे पहले उसे संतोष अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन अस्पताल वालों ने हाथ खड़े कर दिये और दूसरी जगह ले जाने को कहा। बाद में उसे न्यूटिमा अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां भी निराशा हाथ लगी। परेशान घर वाले आनंद अस्पताल ले गये, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। संजीव की हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग दिल्ली एम्स में ले गए जहां उसकी मौत हो गई।
संजीव का इलाज कर रहे डाक्टरों का कहना था कि नकली प्रोटीन और स्टेरायड खाने से उसकी किडनी पूरी तरह से संक्रमित हो गई थी। तमाम कोशिशों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। संजीव की मौत से परिवार पर कोहराम मच गया। पत्नी अनुराधा का रो-रोकर बुरा हाल था।
उसका कहना था कि वो सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलकर कहेगी कि नकली प्रोटीन ने उसके परिवार को तो बर्बाद कर दिया है अब किसी और का परिवार बर्बाद न हो और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। संजीव अपने पीछे दो बेटियां नीति और विधि को रोता हुआ छोड़ गया है।

