- नुक्कड़ नाटक और रंगोली प्रतियोगिता का भी होगा आयोजन
जनवाणी ब्यूरो |
सहारनपुर: नगर निगम द्वारा आयोजित दीपावली मेले में हरियाणवी, महाराष्ट्रीयन व पंजाबी नृत्य के अलावा सोलो डांस, रंग यात्रा, किड्स शौ और नुक्कड़ नाटक सहित अनेक मनोरंजक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। एक रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जायेगा। मेला 28 अक्तूबर से 03 नवंबर तक गांधीपार्क में लगेगा। जबकि तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम जनमंच में होंगे।
नगर निगम ने दीपावली मेले की तैयारियों को अंतिम रुप देना शुरू कर दिया है। मेले की तैयारियों को लेकर नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने नगर की अनेक सांस्कृतिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों के साथ एक बैठक कर मेले की तैयारियों को अंतिम दिया। उद्घाटन समारोह भव्य रुप से किया जायेगा। दीप प्रज्ज्वलन, स्वागत गीत और गणेश वंदना के साथ कार्यक्रमों की शुरूआत होगी। आजादी अमृत महोत्सव के दृष्टिगत देश की आन-बान और शान के प्रतीक तिरंगे की उपस्थिति भी उद्घाटन समारोह में एक अलग अंदाज में दिखायी देगी।
देशभक्ति, स्वच्छता और मिशन शक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ऐनरॉन एजूकेशन सोसायटी, ओम डांस एकेडमी, बजाज इंटरनेशल के अलावा विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं तथा रंगकर्मियों दिनेश तेजान व मदन भारती आदि के सहयोग से हरियाणवी, महाराष्ट्रीयन व पंजाबी नृत्य के अलावा सोलो डांस, रंग यात्रा, किड्स शौ, मैजिक शौ और नुक्कड़ नाटक सहित अनेक मनोरंजक कार्यक्रम शामिल रहेंगे। रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जायेगा।

