- घर-घर सर्वे करके जुटाई जा रही जानकारी
- कैंप लगाकर किया जा रही मरीजों का इलाज
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: कपसाड़ गांव में बुखार के प्रकोप से हो रही मौत के आंकड़े जुटाने का काम शुरू हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर मरने वालों की संख्या और मरीजों का पता लगा रही है। सोमवार को भी गांव में डोर-टू-डोर सर्वे किया गया। साथ ही कैंप लगाकर मरीजों की जांच व दवाई देने का काम किया गया। गांव में सफाई व फॉगिंग का कार्य भी युद्धस्तर पर चल रहा है।
बता दें कि सरधना के कपसाड़ गांव में करीब एक महीने से बुखार कहर बरपा रहा है। बुखार के साथ लोगों में डेंगू की पुष्टि भी हो रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराई गई जांच में कई लोगों को डेंगू आया है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार गांव में कैंप लगाकर मरीजों की जांच की जा रही है। घर-घर जाकर सर्वे भी किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम डोर-टू-डोर सर्वे करके मरने वालों की संख्या और बुखार के मरीजों की सूची तैयार कर रही है। ताकि शासन को रिपोर्ट भेजी जा सके।
सोमवार को भी में सीएचसी प्रभारी द्वारा टीम के साथ सर्वे किया गया। इसके अलावा गांव में कैंप लगाकर मरीजों की जांच व दवाई देने का काम किया गया। वहीं, गांव में सफाई अभियान और फॉगिंग का कार्य भी जारी है। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डा. संदीप गौतम का कहना है कि टीम के द्वारा सर्वे किया जा रहा है। ताकि शासन को रिपोर्ट भेजी जा सके। गांव में कैंप लगाकर मरीजों का इलाज भी कराया जा रहा है।

