- शनिवार और रविवार को यात्रियों को घंटों तक खड़े रहना पड़ता है सिवाया टोल प्लाजा पर
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: एनएच-58 पर स्थित सिवाया टोल प्लाजा पर जून के महीने में लगातार जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है, क्योंकि इस महीने में छुट्टी होने के कारण घूमने वाले सैलानियों की तादाद में लगातार इजाफा हो रहा है। ऐसे में आए दिन यहां जाम की समस्या रहती है। खासकर शनिवार और रविवार को अधिक जाम की समस्या यहां रहती है। शनिवार को भी जाम लगने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दरअसल, सिवाया टोल प्लाजा पर कोई भी वीआईपी लाइन नहीं है। जिसके चलते एंबुलेंस और वीआईपी श्रेणी के लोग जाम में फंस जाते हैं। टोल प्लाजा पर सात लाइन आने की और सात लाइन जाने की है, लेकिन कोई भी लाइन खाली नहीं रहती है। जून माह में तो दिन निकलते ही टोल पर जाम की दिक्कतें शुरू हो जाती हैं। जो देर रात तक दिखाई देती रहती है। शनिवार को भी भयंकर जाम लग गया।
जिसके चलते यात्रियों को घंटे तक टोल पर ही खड़े रहना पड़ा। इन यात्रियों का हजारों रुपये का तेल भी फंूक गया। टोलवे कंपनी के मेंटेनेंस अधिकारी बृजेश कुमार सिंह का कहना है कि टोल पर जाम ना लगे इसके लिए रिवर्स लाइन चालू कर दी गई है। इसके अलावा अतिरिक्त कर्मचारियों को भी टोल पर तैनात कर दिया गया है। जून माह में लगातार सैलानियों की बढ़ती भीड़ के कारण यहां जाम लग रहा है। इस समस्या को देखते हुए टोल पर यह करने का फैसला लिया गया है।

