- बीएसएम स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया हिंदी दिवस
जनवाणी संवाददाता |
शामली: बुधवार को बीएसएम स्कूल में हिंदी दिवस पर सुबह विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। हिंदी विभागाध्यक्षा सीमा शर्मा ने हिंदी दिवस के विषय में विद्यार्थियों को अनेक जानकारियां दी व हिंदी के महत्व को बताते हुए विद्यार्थियों को शुद्ध व स्पष्ट हिंदी बोलने के लिए प्रेरित किया। कक्षा नर्सरी से कक्षा तीन तक कविता प्रतियोगिता में बच्चों ने हिंदी में कविता पाठ कर सबको मंत्रमुग्ध किया। कक्षा 4 से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए कहानी प्रतियोगिता रखी गई तथा कक्षा 9 से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के लिए हिंदी के प्रख्यात लेखकों के बारे में जानकारी देते हुए एक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विचारों को शब्दों के माध्यम से सबके समक्ष प्रस्तुत किए।
स्कूल प्रबंधन समिति से चेयरमैन सूर्यवीर सिंह व मैनेजर छाया सिंह ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी हमारे राष्ट्र का गौरव है। यह देश के संस्कारों व संस्कृति का प्रतीक है। हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा, राजभाषा और मातृभाषा भी है।

