जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सबसे व्यस्तम सड़कों की हालत बेहद खराब और दयनीय है। जगह-जगह गड्ढे वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। ईस्टर्न कचहरी रोड एक तरह से भगवान भरोसे है। ईव्ज चौराहे से आगे एनएएस कॉलेज के सामने सड़क पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। एक तरफ की सड़क खराब होने के कारण दूसरी साइड पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम से लेकर पीडब्ल्यूडी तकसे शिकायत की गई। यहां तक कि धरना तक दिया गया, लेकिन अधिकारियों को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। नगर निगम के अधिकारी कहते हैं यह सड़क शहर की मॉडर्न रोड में चयनित हो गई, जल्द काम चलेगा।
नागरिकों को आवागमन में किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत न सिर्फ नई सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है, बल्कि बुरी तरह से क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त भी कराया जा रहा है, लेकिन ईस्टर्न कचहरी रोड अंबेडकर चौराहे से लेकर ईव्ज चौराहे तक सड़क की तस्वीरे कुछ और स्थिति ही बयां कर रही हैं।

वैसे तो इस सड़क कोे स्मार्ट सड़क घोषित किया जा चुका है, लेकिन सच्चाई यही है कि इस सड़क के हालात बद से बदतर है। यह सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। गड्ढों में तब्दील हो चुकी इस सड़क पर नागरिकों को प्रतिदिन विभिन्न प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, गड्ढों से होकर आवागमन करने को मजबूर नागरिकों द्वारा सड़कों को गड्ढामुक्त किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। ऐसा तब है, जब इसी रोड पर आरएसएस का आॅफिस भी हैं, फिर भी अधिकारी आंखें मूंदे हैं।
रेड लाइट के आगे लटका दिए यूनिपोल
ईस्टर्न कचहरी रोड पर रेड लाइट के आगे यूनिपोल टांग दिए गए हैं। रेड लाइट के चारों ओर गलत तरीके से यूनिपोल लगाए गए हैं। जिससे बारिश, आंधी एवं तूफान में बड़ा हादसा होने की संभवना है। लेकिन प्रशासन आंखे मूंदे बैठा है। दुकानदारों का कहना है कि जिला अधिकारी से भी कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
उनका कहना है कि अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। जबकि बच्चा पार्क से लेकर हापुड़ रोड तक साढ़े सात करोड़ रुपये पास हुए हैं। वहीं, 17 करोड़ रुपये पास हुए हैं। स्मार्ट रोड के ईव्ज चौराहे से सर्किट हाउस तक पास हुए हैं।
सड़कों को गड्ढामुक्त करने के बड़े-बड़े दावे सिर्फ कागजों में किए जा रहे हैं, लेकिन सच्चाई इससे परे है। स्मार्ट सड़क में गड्ढे काफी खतरनाक है, जोकि दुर्घटनाओं का संकेत दे रहे हैं। महत्वपूर्ण सड़कों में शुमार ईस्टर्न कचहरी रोड इस कदर गड्ढे में तब्दील है कि इस पर पैदल चलना भी दुभर है।
केवल कागजों में गड्ढामुक्त अभियान

मेरठ में शहर की सड़कों का बुरा हाल है। ईस्टर्न कचहरी रोड पर जगह जगह अनगिनत गड्ढे हैं। कई बार अफसरों से भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन आज तक कुछ हल नहीं निकला। सरकार का गड्ढामुक्त दावा फेल होता नजर आ रहा है। -सुधांशु महाराज
राहगीरों को उठानी पड़ती है भारी परेशानी

बरसात के मौसम में सड़क गड्ढे में तब्दील हो जाती है। इससे आते-जाते राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरसात का पानी गड्ढों में भर जाने के कारण कभी भी बड़ा हादसा होता है। प्रशासन को जल्द ही मरम्मत का कार्य शुरू करना चाहिए। -मधूप, दुकानदार
स्मार्ट सड़क की हालत बद से बदतर

ईस्टर्न कचहरी रोड बैसे तो स्मार्ट सड़क के अंतर्गत आती है, लेकिन इसकी स्थिति बद से बदतर है। सड़क पर रेड लाइट के आगे टंगे यूनिपोल से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं, सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। -रमेश, दुकानदार

