देर रात गश्त पर निकली पीआरवी को देख भाग रहा था आरोपी
वनाधिकारियों के निर्देश पर होगी कार्रवाई
जनवाणी संवाददाता |
किठौर: राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार कर घर लौट रहे युवक को गश्त पर निकली पीआरवी ने कस्बे के झंडा चौक पर एक बंदूक और शिकार किए दो मोर समेत दबोच लिया। जबकि एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस पकड़े गए आरोपी को थाने ले गई। इंस्पेक्टर ने वनाधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया है।
गुरुवार रात करीब 1:00 बजे गश्त पर निकली पीआरवी (डायल-112) को शाहजहांपुर झंडा चौक पर दो युवक हाथ में बंदूक और प्लास्टिक का कट्टा ले जाते दिखे। पुलिस ने पीछा कर रोकने की कोशिश की तो युवक भागने की जुगत में लग गए। लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को दबोच लिया। जबकि दूसरा आरोपी चकमा देकर फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम इनायत पुत्र जफरउल्ला निवासी मोहल्ला नूरमहल शाहजहांपुर बताया। तलाशी में युवक से एक बंदूक के अलावा शिकार किए हुए दो मोर बरामद हुए। पीआरवी आरोपी को थाने ले गई। इंस्पेक्टर विनय कुमार का कहना है कि वनाधिकारियों को घटना से अवगत करा दिया गया है।
उनके निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उधर वन रेंजर परीक्षितगढ़ जगन्नाथ कश्यप का कहना है कि उन्हें देर रात किठौर पुलिस से सूचना मिली थी। लेकिन शिकार हापुड़ की गढ़मुक्तेश्वर वन रेंज में किया गया है। इसलिए रेंजर गढ़मुक्तेश्वर इसमें कार्रवाई करेंगे।